जिलाधिकारी शुभ्रान्त कुमार शुक्ल एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ब्रजेश कुमार श्रीवास्तव की अध्यक्षता में तहसील सैफई में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान अधिकारियों ने जनसमस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए उनके त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त शिकायतों का निर्धारित समय सीमा में निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि अधिकारी संबंधित कर्मचारियों के साथ मौके पर जाकर शिकायतकर्ता का पक्ष सुनें और निष्पक्ष ढंग से समस्याओं का समाधान करें। उन्होंने प्रकरणों की गंभीरता से जांच करने तथा दोषी व जवाबदेह व्यक्तियों के विरुद्ध आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश भी दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि जब भी अधिकारी गांवों के भ्रमण पर जाएं तो अपने विभाग से संबंधित योजनाओं का स्थलीय सत्यापन अवश्य करें और लाभार्थियों से फीडबैक भी लें, ताकि योजनाओं का लाभ सही लोगों तक पहुंच रहा है या नहीं, इसका आकलन किया जा सके।
सम्पूर्ण समाधान दिवस में विभिन्न संदर्भों से संबंधित कुल 17 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 2 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष शिकायतों को संबंधित विभागीय अधिकारियों को सौंपते हुए शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए गए। समाधान दिवस में सर्वाधिक शिकायतें भूमि संबंधी मामलों से जुड़ी प्राप्त हुईं।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि एक सप्ताह से अधिक समय से लंबित प्रकरणों के निस्तारण में हुई देरी के कारणों का स्पष्ट उल्लेख किया जाए तथा सभी मामलों का अनिवार्य रूप से एक सप्ताह के भीतर निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ब्रजेश कुमार श्रीवास्तव ने पुलिस विभाग से संबंधित मामलों की सुनवाई करते हुए थानाध्यक्षों को निर्देशित किया कि प्रत्येक शिकायत पर मौके पर जाकर कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि सम्पूर्ण समाधान दिवस में प्राप्त समस्याओं के निस्तारण की गुणवत्ता की समीक्षा शासन स्तर पर की जाती है और शिकायतकर्ता से फीडबैक भी लिया जाता है, इसलिए सभी मामलों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
इस दौरान मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. बृजेन्द्र कुमार, उपजिलाधिकारी सैफई, तहसीलदार सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारीगण उपस्थित रहे।
