खेल निदेशालय, उत्तर प्रदेश लखनऊ के निर्देशों के अनुपालन में जनपद इटावा में जूनियर वर्ग की जिला स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन 10 मार्च से 14 मार्च 2026 तक किया जाएगा। जिला क्रीड़ाधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रतियोगिताएं प्रतिदिन प्रातः 9:00 बजे से महात्मा ज्योतिबा फुले स्पोर्ट्स स्टेडियम, इटावा में आयोजित होंगी।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 10 मार्च को एथलेटिक्स (बालक/बालिका) एवं जिम्नास्टिक (बालक/बालिका) प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। 11 मार्च को हॉकी (बालक) तथा बैडमिंटन (बालक/बालिका) प्रतियोगिताएं होंगी। 12 मार्च को कबड्डी (बालक/बालिका) और जूडो (बालक/बालिका) प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा।
इसी क्रम में 13 मार्च को फुटबॉल (बालक) तथा वॉलीबॉल (बालक/बालिका) प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी, जबकि 14 मार्च को हैंडबॉल (बालक/बालिका) और बॉक्सिंग (बालक/बालिका) प्रतियोगिताएं संपन्न कराई जाएंगी।
जिला क्रीड़ाधिकारी ने बताया कि जिला स्तरीय जूनियर वर्ग की इन प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले खिलाड़ी या टीमों को अपने प्रधानाचार्य द्वारा प्रदत्त आयु प्रमाण-पत्र अथवा आधार कार्ड साथ लाना अनिवार्य होगा। खिलाड़ी प्रतियोगिता से पूर्व अपनी प्रविष्टि संबंधित प्रशिक्षक या क्रीड़ा कार्यालय में दर्ज करा सकते हैं।
उन्होंने यह भी बताया कि प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करना पूर्णतः निःशुल्क है। खिलाड़ियों को कार्यालय की ओर से किसी प्रकार का यात्रा भत्ता या अन्य भत्ता प्रदान नहीं किया जाएगा। प्रतियोगिताओं में विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को खेल विभाग की ओर से आकर्षक पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।
