ऑनलाइन ट्रेडिंग के बढ़ते प्रभाव से देश के मध्यम एवं लघु रिटेल व्यापार के समक्ष गंभीर संकट उत्पन्न हो गया है। इस संबंध में भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के जिला महामंत्री आकाशदीप जैन ने देश के प्रधानमंत्री को पत्र लिखकर व्यापारियों के हित में ठोस कदम उठाने की मांग की है।

पत्र में उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा व्यापारी हित में अनेक महत्वपूर्ण कार्य किए गए हैं, जिनमें आपराधिक प्रवृत्तियों पर नियंत्रण तथा इंफ्रास्ट्रक्चर के क्षेत्र में सड़क और विद्युत व्यवस्था का सुदृढ़ीकरण सराहनीय है। लेकिन इसके बावजूद ऑनलाइन ट्रेडिंग के कारण परंपरागत रिटेल व्यापार लगातार समाप्ति की ओर बढ़ रहा है, जो देश की अर्थव्यवस्था का एक महत्वपूर्ण आधार है।
उन्होंने बताया कि रिटेल व्यापारी अपनी दुकान के माध्यम से न केवल अपने परिवार की आजीविका चलाता है, बल्कि समाज और देश की अर्थव्यवस्था को भी सशक्त बनाता है। वर्तमान में ऑनलाइन ट्रेडिंग के कारण छोटे और मध्यम व्यापारियों पर गहरा आर्थिक संकट छा गया है। यदि समय रहते इस दिशा में उचित कदम नहीं उठाए गए तो स्थिति और भी गंभीर हो सकती है।
व्यापार मंडल की मांग है कि यदि अंतरराष्ट्रीय कारणों से बहुराष्ट्रीय कंपनियों को रोकना संभव न हो, तो विशेषज्ञों की राय लेकर उन पर इतना टैरिफ लगाया जाए कि छोटे एवं मध्यम व्यापारी मूल्य प्रतिस्पर्धा में उनका सामना कर सकें और अपना व्यापार सुरक्षित रख सकें।
