विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण के तहत डीएम ने जसवंतनगर के मतदान केंद्रों का किया निरीक्षण

इटावा, 11 फरवरी 2026। विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान के अंतर्गत नो मैपिंग एवं लॉजिकल डिस्क्रिपेंसी एरर वाले मतदाताओं को नोटिस जारी करने तथा उनकी सुनवाई की प्रक्रिया का जायजा लेने के लिए जिलाधिकारी शुभ्रान्त कुमार शुक्ल ने जसवंतनगर क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों से अब तक की प्रगति की जानकारी ली और निर्देश दिए कि जिन मतदाताओं के नाम नो मैपिंग या लॉजिकल डिस्क्रिपेंसी एरर की श्रेणी में आए हैं, उन्हें समय से नोटिस जारी कर विधिवत सुनवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने ए0ई0आर0ओ0 (सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी) को निर्देशित किया कि सभी प्रकरणों का निस्तारण निर्धारित समय-सीमा में पारदर्शिता के साथ किया जाए, जिससे किसी भी पात्र मतदाता का नाम सूची से वंचित न रहे।
जिलाधिकारी ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि अधिक से अधिक संख्या में आयोजित कैंपों में उपस्थित होकर अपने नाम, पते एवं अन्य विवरणों की जांच कराएं और आवश्यक संशोधन कराएं। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची का शुद्ध और त्रुटिरहित होना लोकतांत्रिक प्रक्रिया की मजबूती के लिए अत्यंत आवश्यक है।
निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी जसवंतनगर कुमार सत्यमजीत सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
