गैरकानूनी टोल वसूली बंद करने की मांग को लेकर माकपा-किसान सभा का प्रतिनिधिमंडल डीएम से मिला
इटावा, 6 फरवरी। हाईवे इटावा-फर्रूखाबाद पर बख्त्यारपुरा में बनाए गए नए टोल प्लाजा के माध्यम से वाहनों से की जा रही जबरिया और अवैध वसूली के विरोध में मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) एवं किसान सभा के कार्यकर्ताओं ने आवाज बुलंद की। कामरेड मुकुट सिंह के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी शुभ्रान्त शुक्ला से भेंट कर गैरकानूनी टोल प्लाजा तथा टोल वसूली को तत्काल बंद कराने की मांग की।
प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी को अवगत कराया कि केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी द्वारा संसद में स्पष्ट घोषणा की गई है कि 60 किलोमीटर की परिधि में दोबारा टोल टैक्स नहीं वसूला जाएगा। जबकि इसी हाईवे पर चंबल पार मात्र 30 किलोमीटर के अंदर बरही टोल प्लाजा पहले से संचालित है। ऐसे में बख्त्यारपुरा में नया टोल प्लाजा नियमों के विरुद्ध है।
इसके साथ ही उन्होंने यह भी बताया कि सड़क और पुलों का निर्माण अधूरा होने की स्थिति में टोल वसूली का प्रावधान नहीं है। जबकि बख्त्यारपुरा टोल प्लाजा से महज 500 मीटर की दूरी पर लोहिया नहर का पुल व सड़क तथा भोगनीपुर नहर पुल दतावली का निर्माण कार्य अभी अधूरा है। इसके बावजूद टोल वसूली किया जाना पूरी तरह गैरकानूनी है।
प्रतिनिधिमंडल में माकपा नेता प्रेमशंकर यादव, किसान सभा के जिलामंत्री संतोष शाक्य, पूर्व जिलाध्यक्ष विश्राम सिंह यादव, माकपा जिला मंत्रिपरिषद सदस्य एवं पूर्व उपकुलसचिव डॉ. शौकीन सिंह तथा नौजवान सभा के पूर्व अध्यक्ष मनोज राठौर भी शामिल रहे।
माकपा और किसान सभा के नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि अवैध टोल वसूली बंद नहीं की गई, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
