समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव आज इटावा कचहरी पहुंचे। उन्होंने जनपद में बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) के साथ हो रही कथित मारपीट की घटनाओं को लेकर जिलाधिकारी शुभ्रांत कुमार शुक्ल से मुलाकात की और मामले पर कड़ी आपत्ति दर्ज कराई।
जिलाधिकारी से भेंट के बाद पत्रकारों से बातचीत में शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि चुनावी प्रक्रिया के दौरान BLO के साथ इस तरह की घटनाएं लोकतंत्र के लिए घातक हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि जनपद में मतदाताओं के नाम काटने का षड्यंत्र रचा जा रहा है, जिसे किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
उन्होंने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि यदि भाजपा से जुड़े लोगों के इशारे पर समाजवादी पार्टी के वोट काटने का प्रयास किया गया, तो वे कचहरी परिसर में धरने पर बैठने से पीछे नहीं हटेंगे। शिवपाल सिंह यादव ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
समाजवादी पार्टी नेता ने यह भी कहा कि पार्टी लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए हर स्तर पर संघर्ष करेगी और किसी भी प्रकार की अनियमितता को उजागर किया जाएगा। उन्होंने प्रशासन से निष्पक्षता बनाए रखने और चुनावी प्रक्रिया को पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने की अपील की।
