शहर के मधुबन वाटिका में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अनुषांगिक संगठन हिमालय परिवार की जिले की नवनियुक्त कार्यकारिणी की प्रथम बैठक आयोजित की गई। बैठक में हिमालय परिवार के पदाधिकारियों एवं सदस्यों को पश्चिमी क्षेत्र के अध्यक्ष इंजीनियर हरि किशोर तिवारी ने केंद्रीय स्तर पर संचालित विभिन्न गतिविधियों की विस्तृत जानकारी दी तथा आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार करने के लिए सदस्यों के साथ विचार-विमर्श किया।
बैठक में मुख्य रूप से वृक्षारोपण एवं रोपित वृक्षों के संरक्षण का संकल्प लिया गया। साथ ही हस्ताक्षर अभियान के माध्यम से आम जनमानस को हिमालय परिवार की गतिविधियों के प्रति जागरूक करने, ग्राम स्तर पर विद्यालयों एवं सार्वजनिक स्थलों पर संगठन की योजनाओं के अनुरूप कार्यक्रम आयोजित करने पर सहमति बनी। इसके अतिरिक्त राष्ट्रीय पर्वों को हर्षोल्लास के साथ समारोहपूर्वक मनाने, राष्ट्रीय चिन्ह एवं राष्ट्रीय ध्वज का वितरण करने तथा जन-जागरण हेतु पदयात्रा आयोजित करने जैसे विषयों पर भी विस्तार से चर्चा की गई। आगामी मार्च माह में इन सभी कार्यक्रमों के क्रियान्वयन पर विशेष जोर दिया गया।
बैठक में जिले के संरक्षक दिलीप मिश्रा, जिला अध्यक्ष प्रोफेसर आर.के. त्रिपाठी, जिला संयोजक नीरज मिश्रा, महामंत्री अवधेश चतुर्वेदी, अतुल तिवारी, उपाध्यक्ष प्रदीप तिवारी, के.के. त्रिपाठी, कुलदीप अवस्थी, अमित शुक्ला, दिवारी लाल राजपूत, शिवकांत दुबे, कोषाध्यक्ष आनंद विभूषित दीक्षित, मंत्री राघवेंद्र यादव, आकाश तिवारी, विशाल तिवारी, संदीप दुबे, सर्वेश राजपूत, जयदयाल प्रजापति, जुगल किशोर राजपूत, मीडिया प्रभारी दीपक तिवारी सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
बैठक के अंत में संगठन को और अधिक सक्रिय व जनोपयोगी बनाने का संकल्प लिया गया।
