जनपद में कड़ाके की ठंड पड़ने के बीच नगर पालिका द्वारा अलाव न जलवाए जाने को लेकर वरिष्ठ भाजपा नेता एवं नगर पालिका परिषद में नेता प्रतिपक्ष शरद बाजपेयी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की है। उन्होंने नगर पालिका कार्यालय में आपत्ति दर्ज कराते हुए कहा कि जब तापमान ढाई से चार डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है, तब भी अलाव की समुचित व्यवस्था नहीं की गई, जो गंभीर लापरवाही का परिचायक है।
शरद बाजपेयी ने बताया कि अलाव जलाने के लिए लगभग 15–20 दिन पूर्व ही ठेका उठा दिया गया था, इसके बावजूद नगर के अधिकांश स्थानों पर अलाव नहीं जलवाए गए। उनके क्षेत्र सहित कई इलाकों में लकड़ी तक नहीं डाली गई, जबकि कुछ चुनिंदा प्रमुख स्थानों पर ही अलाव की व्यवस्था की गई। इस स्थिति को लेकर सभी सभासदों में रोष व्याप्त है।

उन्होंने कहा कि इस भीषण ठंड में केवल मनुष्य ही नहीं, बल्कि पशु-पक्षी भी ठंड से परेशान हैं, लेकिन नगर पालिका मस्त और सुस्त नजर आ रही है। उन्होंने बताया कि जब उन्होंने इस संबंध में आपत्ति दर्ज कराई, तब 5 जनवरी को लकड़ी भेजी गई, जिसके बाद वे स्वयं मौके पर पहुंचकर राजगंज, पचराहा, छैराहा, अकालगंज, कटरा टेक चन्द्र सहित अन्य स्थानों पर अलाव जलवाने गए।
शरद बाजपेयी ने कहा कि अभी भी लकड़ी की मात्रा पर्याप्त नहीं है। उन्होंने नगर पालिका से मांग की कि जब तक कड़ाके की ठंड बनी रहे, तब तक निरंतर और पर्याप्त मात्रा में बड़े लकड़ी के बोटे लगाए जाएं, ताकि राहगीरों एवं बेसहारा पशुओं को ठंड से राहत मिल सके। साथ ही अलाव रात भर जलते रहें, इसकी भी उचित व्यवस्था की जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि भीषण ठंड के समय किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
