स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से भारतीय खेल प्राधिकरण के प्रशिक्षण केंद्र, सैफई की ओर से फिट इंडिया अभियान के अंतर्गत रविवार को एक साइकिल रैली का आयोजन किया गया। रैली में बैंक कर्मचारियों सहित विभिन्न वर्गों के लोगों ने सहभागिता कर नियमित व्यायाम और फिटनेस का संदेश दिया।
साइकिल रैली की शुरुआत मास्टर चंदगीराम स्पोर्ट्स स्टेडियम, सैफई से हुई। रैली स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, अस्पताल चौराहा, पंचायत कार्यालय, किसान बाजार, तहसील और मेडिकल कॉलेज से होते हुए पुनः स्टेडियम परिसर में आकर संपन्न हुई। रैली के दौरान प्रतिभागियों ने आमजन को सक्रिय जीवनशैली अपनाने और शारीरिक गतिविधियों को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया।
रैली को मुख्य अतिथि घनश्याम दुबे, सहायक प्रबंधक, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, सैफई ने फिट इंडिया का नारा “फिटनेस की डोज, आधा घंटा रोज” के साथ हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने कहा कि नियमित साइकिलिंग और व्यायाम से शरीर स्वस्थ रहता है तथा जीवनशैली से जुड़ी बीमारियों से बचाव संभव है।
इस साइकिल रैली में बैंक कर्मियों समेत करीब 30 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। भारतीय खेल प्राधिकरण, प्रशिक्षण केंद्र सैफई की केंद्र प्रभारी ने बताया कि फिट इंडिया अभियान के तहत प्रत्येक रविवार साइकिल रैली का आयोजन किया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक लोग फिटनेस के प्रति जागरूक हों। उन्होंने कहा कि यदि हर व्यक्ति प्रतिदिन कुछ समय शारीरिक गतिविधि को अपनाए, तो स्वस्थ समाज का निर्माण किया जा सकता है।
