सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया की स्थापना के 115 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर इटावा की नवीन मंडी के निकट स्थित सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया शाखा में स्थापना दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सदर विधायक सरिता भदौरिया मुख्य रूप से उपस्थित रहीं।

इस अवसर पर बैंक अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा अतिथियों का स्वागत किया गया। स्थापना दिवस कार्यक्रम के दौरान बैंक की 115 वर्षों की गौरवशाली यात्रा, उपलब्धियों तथा देश की आर्थिक प्रगति में उसके योगदान पर प्रकाश डाला गया। वक्ताओं ने कहा कि यह मील का पत्थर बैंक की लंबी विरासत, मजबूत मूल्यों और भविष्य की संभावनाओं को दर्शाता है।

सदर विधायक सरिता भदौरिया ने अपने संबोधन में सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि बैंक ने ग्राहकों के भरोसे और सहयोग से निरंतर प्रगति की है तथा आने वाले समय में भी जनसेवा और आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में अपनी भूमिका निभाता रहेगा।

कार्यक्रम के अंत में बैंक प्रबंधन ने ग्राहकों एवं जनप्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी बेहतर बैंकिंग सेवाएं प्रदान करने की प्रतिबद्धता दोहराई।
