मुख्य विकास अधिकारी इटावा के निर्देशानुसार मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत विकास खंड स्तर पर आयोजित किए जा रहे स्वावलंबन कैंपों की श्रृंखला में शुक्रवार को विकास खंड सैफई में स्वावलंबन कैंप का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला प्रोबेशन अधिकारी विनय कुमार ने की।

कैंप में विभिन्न विभागों ने अपने-अपने स्टॉल लगाकर उत्तर प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाई। जिला प्रोबेशन अधिकारी ने उपस्थित लोगों को मिशन शक्ति 5.0 के तहत संचालित कार्यक्रमों के साथ-साथ वन स्टॉप सेंटर, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना, चाइल्ड हेल्पलाइन और महिला कल्याण विभाग की अन्य महत्वपूर्ण योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक योजनाओं का लाभ लेने की अपील की।
कैंप में बाल विकास परियोजना अधिकारी, चिकित्सा विभाग की टीम सहित कई विभागीय अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे। जिला प्रोबेशन अधिकारी ने बाल विवाह मुक्त भारत बनाने के संकल्प के तहत उपस्थित जनमानस को शपथ भी दिलाई तथा बाल विवाह रोकने और उसके दुष्प्रभावों के बारे में विस्तार से जागरूक किया।
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने कैंप में स्वास्थ्य परीक्षण की सुविधा उपलब्ध कराई, जिसमें शुगर जांच के साथ आवश्यक दवाइयां भी वितरित की गईं। पात्र लाभार्थियों को आयुष्मान कार्ड बनवाने और उसका अधिकतम लाभ प्राप्त करने हेतु प्रोत्साहित किया गया।
स्वावलंबन कैंप के माध्यम से लोगों को मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, निराश्रित महिला पति की मृत्यु उपरांत पारिवारिक लाभ योजना सहित कई अन्य कल्याणकारी योजनाओं की भी विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।
