इटावा। शनिवार की सुबह इटावा लायन सफारी में एक ऐसी घटना घटी जिसने वन विभाग से लेकर प्रशासन तक को हिला दिया। सफारी के लेपर्ड ज़ोन में मौजूद ‘कार्तिक’ नामक तेंदुआ अचानक अपने टफेन ग्लास वाले क्राल से गायब हो गया। घटना के सामने आते ही पूरे सफारी परिसर में अफरा-तफरी मच गई। वन विभाग की टीमें फिलहाल उसे खोजने में लगी हुई हैं, लेकिन अब तक कार्तिक का कोई सुराग नहीं मिला है।

लेपर्ड सफारी करीब 21 हेक्टेयर में फैली है, जिसे दो हिस्सों में बाँटा गया है। पाँच हेक्टेयर क्षेत्र में चार हैण्ड-रियर्ड तेंदुए रहते हैं, जबकि बाकी 16 हेक्टेयर क्षेत्र उन तेंदुओं के लिए आरक्षित है जिन्हें खुले माहौल में छोड़ा जाना है। इसी हिस्से से ‘कार्तिक’ के रहस्यमय तरीके से खुलने की जानकारी मिली है। अभी यह साफ़ नहीं हो पाया है कि क्राल का लॉक सिस्टम फेल हुआ या किसी मानवीय गलती से तेंदुआ बाहर निकला।
वन विभाग की टीमों ने तुरंत सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है। ड्रोन कैमरों और ट्रैकिंग डिवाइसों की मदद से आसपास के जंगलों और सफारी की सीमाओं में खोजबीन जारी है। सफारी प्रशासन ने फिलहाल पर्यटकों की एंट्री को सीमित कर दिया है और सभी कर्मचारियों को अलर्ट पर रखा गया है।
