इटावा। महाकुंभ 2025 की तैयारियों के मद्देनजर रेलवे ने यात्रियों की सुविधा के लिए छह अतिरिक्त ट्रेनों का संचालन करने का निर्णय लिया है। उत्तर-मध्य रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी शशिकांत त्रिपाठी ने बताया कि इन ट्रेनों को इटावा जंक्शन से होकर चलाया जाएगा। इससे श्रद्धालुओं को महाकुंभ में पहुंचने में आसानी होगी।
ट्रेन संख्या 08425 भुवनेश्वर-टूंडला एक्सप्रेस को इटावा जंक्शन से होकर चलाने की योजना बनाई गई है। यह ट्रेन एक जनवरी, आठ और 22 जनवरी के साथ पांच फरवरी, 19 फरवरी और छह मार्च को चलेगी। वहीं, वापसी में ट्रेन संख्या 08426 टूंडला-भुवनेश्वर एक्सप्रेस तीन, 10 और 24 जनवरी के साथ सात, 21 और 28 फरवरी तथा छह मार्च को चलेगी।
ट्रेन संख्या 08417 पूरी-टूंडला को छह और 20 जनवरी के साथ 17 जनवरी व तीन फरवरी को चलाया जाएगा। वापसी में यह ट्रेन संख्या 08418 टूंडला-पूरी एक्सप्रेस के रूप में आठ और 22 जनवरी के साथ 19 फरवरी और तीन फरवरी को चलेगी। इसी प्रकार, ट्रेन संख्या 08313 टिटिलागढ़-टूंडला को नौ, 16 और 23 जनवरी के साथ छह, 20 और 27 फरवरी तथा छह मार्च को चलाने की घोषणा की गई है।
इन ट्रेनों के संचालन से यात्रियों को सुविधा मिलेगी और महाकुंभ में शामिल होने के लिए अतिरिक्त विकल्प मिलेंगे। रेलवे ने इस निर्णय को यात्रियों की बढ़ती मांग और भीड़ को ध्यान में रखते हुए लिया है। महाकुंभ के दौरान लाखों श्रद्धालुओं के आगमन की उम्मीद है, जिससे रेलवे सेवाओं की यह पहल बेहद उपयोगी साबित होगी।
