इटावा। 23 नवंबर 2026 को विकास भवन स्थित प्रेरणा सभागार में प्रदेश की प्रभारी मंत्री बेबी रानी मौर्य ने कानून-व्यवस्था एवं विकास कार्यक्रमों की जनपद स्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई। मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शासन की योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाया जाए और जनसमस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
एक जनपद-एक नदी योजना के अंतर्गत सिरसा नदी के पुनरुद्धार कार्य की समीक्षा में बताया गया कि लगभग 53 किलोमीटर लंबी नदी का पुनरुद्धार किया गया है। नदी के किनारे 33,315 पौधे लगाए गए हैं तथा जल को छानकर नदी में प्रवाहित करने के लिए फिल्टर चैंबर स्थापित किए गए हैं। मंत्री ने नदी के संरक्षण और स्वच्छता के कार्यों को निरंतर जारी रखने के निर्देश दिए।
पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की समीक्षा के दौरान मंत्री ने अधिक से अधिक लोगों को योजना से जोड़ने और गांवों तक इसका लाभ पहुंचाने पर जोर दिया। उद्यान एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग की ओर से बताया गया कि प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना के अंतर्गत 1,500 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें 1,087 लाभार्थियों को अनुमोदित किया गया है। वहीं, 989 किसानों के खेतों में माइक्रो इरिगेशन सिस्टम स्थापित किया जा चुका है।
विद्युत विभाग की समीक्षा में बताया गया कि ग्रामीण क्षेत्रों में 18 घंटे बिजली आपूर्ति की जा रही है। मंत्री ने किसानों को निर्धारित समय के अनुसार बिजली उपलब्ध कराने और विद्युत संबंधी शिकायतों का तत्काल समाधान करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि विजिलेंस टीम जांच के दौरान गरीब एवं सामान्य उपभोक्ताओं को अनावश्यक रूप से परेशान न करे और किसी भी प्रकार का उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
कृषि एवं सहकारिता विभाग की समीक्षा में अधिकारियों ने बताया कि जनपद में खाद पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है। किसान समृद्धि योजना के अंतर्गत 2,88,500 किसान पंजीकृत हैं, जिनमें से 2,88,002 किसानों को लाभान्वित किया जा चुका है। फार्मर रजिस्ट्री का कार्य 82.65 प्रतिशत पूरा हो गया है। मंत्री ने किसानों को योजनाओं का लाभ समय से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
ग्राम विकास विभाग की समीक्षा में बताया गया कि प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के अंतर्गत वर्ष 2016-17 से 2024-25 तक 18,306 आवासों का लक्ष्य निर्धारित था, जिसके सापेक्ष सभी 18,306 परिवार चयनित किए गए। इनमें से 18,287 आवास पूर्ण हो चुके हैं और निर्माण की प्रगति 99.90 प्रतिशत है। वीबी-जी राम जी के अंतर्गत जनपद में 14 खेल मैदान, 20 मनरेगा पार्क, 75 मॉडल शॉप, 47 आंगनबाड़ी भवन तथा 9 सामुदायिक बागवानी के कार्य कराए गए हैं। मंत्री ने पूर्ण हो चुके कार्यों के रखरखाव एवं बेहतर संचालन के लिए समितियां गठित करने के निर्देश दिए।
राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत रिवॉल्विंग फंड की प्रगति की भी समीक्षा की गई। मंत्री ने पंचनद की विभिन्न इकाइयों तथा बंद दुकानों के संचालन में आ रही समस्याओं की जानकारी लेते हुए सभी दुकानों को व्यवस्थित एवं सुचारु रूप से संचालित कराने के निर्देश दिए।
चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान मंत्री ने विभाग से संबंधित शिकायतों पर नाराजगी जताई। उन्होंने लंबे समय से एक ही स्थान पर तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों के संबंध में आवश्यक कार्रवाई करने, सभी एक्स-रे मशीनों को 15 दिन के भीतर क्रियाशील कराने तथा बिना पंजीकरण संचालित नर्सिंग होम के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
जल जीवन मिशन की समीक्षा में बताया गया कि फेज-2 के अंतर्गत 159 ग्रामों तथा फेज-3 के अंतर्गत 281 ग्रामों में कार्य प्रगति पर है। मंत्री ने निर्देश दिए कि पाइपलाइन बिछाने के दौरान काटी गई सड़कों को कार्य पूरा होते ही तत्काल ठीक कराया जाए। सदर विधायक सरिता भदौरिया ने कार्य पूर्ण हो चुके गांवों की सूची उपलब्ध कराने को कहा।
पंचायती राज विभाग की समीक्षा में बताया गया कि व्यक्तिगत शौचालयों का निर्माण शत-प्रतिशत पूरा हो चुका है। मंत्री ने सभी शौचालयों को साफ-सुथरा एवं क्रियाशील बनाए रखने के निर्देश दिए। बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से स्कूल चलो अभियान के अंतर्गत 23,913 नए नामांकन की जानकारी दी गई। मंत्री ने बच्चों को यूनिफॉर्म, स्कूल बैग एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा नियमित रूप से यूनिफॉर्म पहनकर विद्यालय आने की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।
मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट विद्यालयों के निर्माण की समीक्षा में ग्राम ममान हिमतपुर में 60 प्रतिशत तथा नगर पालिका इटावा में 20 प्रतिशत निर्माण कार्य पूरा होने की जानकारी दी गई।
पशुपालन विभाग की समीक्षा में बताया गया कि जनपद में कुल 54 गोशालाएं संचालित हैं, जिनमें 11,277 गोवंश संरक्षित हैं। मंत्री ने निर्देश दिए कि कोई भी गोवंश सड़क पर घूमता हुआ अथवा खुले में असुरक्षित स्थिति में नहीं दिखना चाहिए। गोवंश के संरक्षण एवं देखभाल की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
बैठक में सदर विधायक सरिता भदौरिया ने कोकपुरा स्थित सामुदायिक शौचालय की साफ-सफाई कराने तथा यमुना नदी की स्वच्छता सुनिश्चित कराने की आवश्यकता पर जोर दिया। मंत्री ने सभी अधिकारियों को शासन की मंशा के अनुरूप विकास कार्यों को गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध ढंग से पूरा कराने तथा जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाने के निर्देश दिए।
कानून-व्यवस्था की समीक्षा के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ब्रजेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि जनपद में नियमित रूप से जनसुनवाई की जा रही है और जनसुनवाई के मामले में प्रदेश में इटावा प्रथम स्थान पर है। उन्होंने बताया कि ऑपरेशन दहन एवं मिशन शक्ति जनजागरूकता अभियान के तहत जन चौपाल आयोजित की गईं। वहीं, ऑपरेशन मुस्कान के अंतर्गत बालिकाओं एवं महिलाओं को सकुशल बरामद कर उनके परिजनों के सुपुर्द किया गया।
बैठक के अंत में जिलाधिकारी शुभ्रान्त कुमार शुक्ल ने प्रभारी मंत्री का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर सदर विधायक सरिता भदौरिया, भाजपा जिलाध्यक्ष अन्नू गुप्ता, जिलाधिकारी शुभ्रान्त कुमार शुक्ल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ब्रजेश कुमार श्रीवास्तव, मुख्य विकास अधिकारी संजय कुमार सिंह, सामाजिक निदेशक वानिकी अभिषेक अजित इनामदार, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. बृजेन्द्र कुमार, जिला विकास अधिकारी राकेश प्रसाद सहित जनपद के समस्त जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

भारतीय जनता पार्टी (BJP)
समाजवादी पार्टी (SP)
बहुजन समाज पार्टी (BSP)
भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस (Congress)