भरथना- कस्बा के मुहल्ला बृजराज नगर में बीते दिनों जानलेवा घातक बीमारी डेंगू की दस्तक से दहशत फैलने के साथ मरीजों की संख्या दिन प्रतिदिन बढ़ती जा रही थी। जिसके चलते एक डेंगू रोग से ग्रसित मरीज रिटायर्ड फौजी राकेश कुमार (55 वर्ष) पुत्र देव सिंह को गम्भीर हालत में इलाज के लिए कानपुर के एक निजी चिकित्सालय में भर्ती होना पड़ा।
खबर प्रकाशित होने पर स्वास्थ्य विभाग की स्थानीय टीम ने डेंगू रोग से ग्रसित मुहल्ला व गली में स्वास्थ्य टीम भेजकर हर घर डोर-टू डोर पहुंचकर मरीजों के स्वास्थ्य का परीक्षण कर उनका मौके पर इलाज किया और अधिकतर मरीजों का ब्लड सैम्पल लेकर डेंगू, मलेरिया आदि वायरल फीवर की जांच के लिए बल्ड स्लाइड जांच लैब को भेज दी। मरीजों के स्वास्थ्य की जांच उपरान्त स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अधीक्षक डॉ0 सैफ ने बताया घर के अन्दर खुला पानी न रखें। साथ ही कूलर का पानी निकालकर कूलर धूप में सुखाकर बन्द करके रख दें। घर के अन्दर और बाहर साफ-सफाई उचित रखें। मच्छरों के हमला से बचने के आवश्यक उपाय जरूर करें। खाँसी-बुखार आदि स्वास्थ्य को लेकर आने वाली समस्या नजर आते ही नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर इलाज के लिए पहुंचे।
