ऊसराहार। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर शनिवार शाम हुए सड़क हादसे में बाराबंकी में तैनात क्षेत्राधिकारी नरेंद्र सिंह और उनके साथ कार में सवार सिपाही योगेंद्र सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद उत्तर प्रदेश आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय (यूपीयूएमएस) सैफई रेफर किया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
जानकारी के अनुसार शनिवार शाम करीब 7:15 बजे क्षेत्राधिकारी नरेंद्र सिंह अपने सिपाही योगेंद्र सिंह के साथ हुंडई क्रेटा कार से लखनऊ से आगरा की ओर जा रहे थे। ऊसराहार थाना क्षेत्र में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे के किलोमीटर संख्या 125+500 पर खरगुआ के पास उनकी कार आगे चल रहे ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और दोनों वाहन सवार गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे की सूचना मिलते ही यूपीडा की सुरक्षा टीम और पुलिस मौके पर पहुंच गई। यूपीडा के सहायक सुरक्षा अधिकारी संतोष सिंह तथा एक्सप्रेसवे की कुदरैल चौकी प्रभारी ब्रजकिशोर ने पुलिस बल के साथ राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। घायलों को तत्काल एंबुलेंस से सैफई स्थित उत्तर प्रदेश आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय भेजा गया।
कुदरैल चौकी प्रभारी ब्रजकिशोर ने बताया कि दुर्घटना में बाराबंकी के क्षेत्राधिकारी नरेंद्र सिंह और सिपाही योगेंद्र सिंह घायल हुए हैं। दुर्घटनाग्रस्त कार को एक्सप्रेसवे से हटवाकर चौकी परिसर में सुरक्षित खड़ा करा दिया गया है, जिससे यातायात सामान्य रूप से संचालित हो रहा है।
यूपीडा के सहायक सुरक्षा अधिकारी संतोष सिंह ने बताया कि दोनों घायलों को बेहतर उपचार के लिए सैफई भेजा गया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार कार आगे चल रहे ट्रक से टकराने के कारण यह हादसा हुआ। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
