इटावा। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत सदर विधायक सरिता भदौरिया ने गंगला मल्लाह आंगनबाड़ी केंद्र का भ्रमण कर गर्भवती महिलाओं की गोद भराई तथा छह माह की आयु पूर्ण कर चुके बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार संपन्न कराया। कार्यक्रम के दौरान महिलाओं, बच्चों एवं उनके परिजनों की उत्साहपूर्ण सहभागिता देखने को मिली।

विधायक सरिता भदौरिया ने गर्भवती महिलाओं को शुभकामनाएं देते हुए उनके बेहतर स्वास्थ्य और सुरक्षित मातृत्व की कामना की। उन्होंने कहा कि गर्भवती महिलाओं एवं बच्चों का स्वास्थ्य किसी भी समाज के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला है। सरकार मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को मजबूत बनाने के लिए अनेक योजनाएं संचालित कर रही है, जिनका लाभ प्रत्येक पात्र परिवार तक पहुंचाया जा रहा है।
कार्यक्रम के दौरान छह माह पूर्ण कर चुके बच्चों का पारंपरिक विधि-विधान के साथ अन्नप्राशन संस्कार कराया गया। इस अवसर पर माताओं को बच्चों के पोषण, संतुलित आहार, नियमित टीकाकरण और स्वच्छता के महत्व के बारे में जानकारी दी गई। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने भी उपस्थित महिलाओं को पोषण संबंधी आवश्यक सुझाव दिए।
विधायक ने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र केवल पोषण वितरण का माध्यम नहीं हैं, बल्कि महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य, शिक्षा एवं समग्र विकास से जुड़ी महत्वपूर्ण इकाई हैं। उन्होंने केंद्र पर उपलब्ध सुविधाओं एवं संचालित गतिविधियों की जानकारी भी प्राप्त की और संबंधित कर्मियों को योजनाओं का लाभ जरूरतमंदों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने के निर्देश दिए।
सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य गर्भवती महिलाओं, धात्री माताओं और बच्चों के स्वास्थ्य एवं पोषण के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, आशा बहुएं, स्थानीय महिलाएं एवं क्षेत्रीय गणमान्य लोग मौजूद रहे। आयोजन के दौरान मातृ एवं शिशु कल्याण योजनाओं की जानकारी भी साझा की गई।
