भरथना- तहसील क्षेत्र के ग्राम साम्हो में संचालित जवाहर नवोदय विद्यालय में सीनियर छात्रों द्वारा जूनियर छात्रों के साथ मारपीट का मामला सामने आने से हड़कंप मच गया। कक्षा 11 के तीन छात्रों पर कक्षा 8 के कई छात्रों के साथ मारपीट करने का आरोप है। घटना के बाद कक्षा 8 का 14 वर्षीय एक छात्र आर्यन राठौर पुत्र सुनील कुमार निवासी नगला ताल, समथर ताखा के रात में छात्रावास से लापता होने की सूचना से विद्यालय प्रशासन और पुलिस में खलबली मच गई। छात्र के पिता ने बेटे के साथ अनहोनी की आशंका जताई है।
बुधवार को घटना की जानकारी मिलते ही लापता छात्र के परिजन और अन्य छात्रों के माता-पिता व अभिभावक विद्यालय पहुंचे। लापता छात्र के पिता सुनील कुमार ने बताया कि उनके बेटे के साथ उसके ही कुछ साथियों ने मारपीट की थी। इसके बाद से वह गायब है। उन्होंने बेटे की सकुशल बरामदगी के साथ ही घटना की निष्पक्ष जांच की मांग की। विद्यालय पहुंचे अभिभावक सोनू गौतम, अजय कुमार, धर्मेन्द्र सिंह, संध्या समेत अन्य ने सामूहिक रूप से आरोप लगाते हुए बताया कि विद्यालय में पढ़ने वाले उनके बच्चों को आए दिन सीनियर छात्र परेशान करते हैं। उनके साथ मारपीट भी की जाती है। मारपीट की घटनाओं में कई बच्चों को चोटें आई हैं, लेकिन विद्यालय प्रबंधन की ओर से इस पर कोई कार्यवाही नहीं की गई।
सूचना मिलते ही उपजिलाधिकारी काव्या सी0, प्रभारी निरीक्षक विक्रम सिंह समेत संबंधित अधिकारी विद्यालय पहुंचे। अधिकारियों ने विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकों और छात्रों से घटना की जानकारी लेते हुए जांच शुरू कर दी। पुलिस और विद्यालय स्टाफ लापता छात्र आर्यन राठौर की तलाश में जुटा हुआ है। वहीं विद्यालय प्रबंधक डॉ0 सुमन तोमर ने घटना की जानकारी मिलते ही छात्रों से मारपीट करने वाले दो छात्रों को तत्काल प्रभाव से विद्यालय से निष्कासित कर दिया गया है। मामले की जांच के लिए कमेटी गठित की गई है।
