भरथना- कस्बा के मुहल्ला गांधी नगर में शनिवार की देर शाम 7 बजे उस समय सनसनी फैल गई, जब ससुराल में रह रहे एक दामाद का शव ससुराल के घर में फांसी के फंदे पर झूलता देखा गया। पड़ोसी फांसी पर झूल रहे दामाद को आनन- फानन में नीचे उतार कर इलाज के लिए स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां इलाज से पहले दामाद ने दम तोड़ दिया। जिस पर चिकित्सकों में उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना पर पहुंची कस्बा पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मुख्यालय भेज दिया। उधर इकलौते बेटे विनय बाथम (34 वर्ष) पुत्र स्व0 रामशंकर बाथम की ससुराल में फांसी लगने से संदिग्ध मौत की खबर मिलते ही मृतक की विधवा मां मीरा देवी और 25 वर्षीय अविवाहित बहिन आरती का रो-रोकर बुरा हाल है।
बिलखते हुए मृतक विनय की मां मीरा देवी ने बेटे विनय की नामजद पत्नी-सास समेत ससुरालीजनों पर उनके बेटे का उत्पीड़न करने और कहर बरपाने के गम्भीर आरोप लगाए हैं। विधवा मां मीरा देवी ने बताया कि शादी के बाद से ही उसके बेटे विनय के साथ ससुरालीजनों द्वारा अनर्थ और अत्याचार किया जा रहा था, जिसको लेकर बेटे समेत उनके द्वारा पुलिस को पूर्व में ही कई बार डाक से लिखित शिकायती प्रार्थना पत्र दिये जा चुके थे, लेकिन उक्त प्रकरण में कोई सुनवाई नहीं हो सकी, जिसके कारण उनका इकलौता बेटा उन्हें असहाय और मजबूर बनाकर छोड़ गया। मृतक विनय अपने पीछे विधवा मां, छोटी बहिन, ढाई बर्ष का बेटा चिराग़ व पत्नी प्रियंका छोड़ गया है। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेजकर घटना की जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
