भरथना- होली प्वाइण्ट एकेडमी में इको क्लब के तत्वावधान में ‘वेस्ट टू बेस्ट’ कार्यक्रम का आयोजन उत्साह एवं रचनात्मकता के साथ किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को अनुपयोगी एवं व्यर्थ समझी जाने वाली वस्तुओं के सदुपयोग के प्रति जागरूक करना तथा उनमें सृजनात्मक सोच एवं पर्यावरण संरक्षण की भावना विकसित करना था।
प्रतियोगिता को जूनियर एवं सीनियर वर्ग में विभाजित किया गया। विद्यार्थियों ने अपनी कल्पनाशीलता, कलात्मक कौशल एवं पर्यावरण के प्रति जागरूकता का परिचय देते हुए विभिन्न उपयोगी वस्तुओं का निर्माण किया। जूनियर वर्ग में कावेरी हाउस ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि कृष्णा हाउस द्वितीय स्थान पर रहा। सरस्वती एवं गंगा हाउस ने संयुक्त रूप से तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं सीनियर वर्ग में सरस्वती हाउस ने प्रथम स्थान, गंगा हाउस ने द्वितीय, कृष्णा एवं कावेरी हाउस संयुक्त रूप से तृतीय स्थान पर रहे। उक्त प्रतियोगिता का आयोजन संस्था निदेशक डा0 प्रदीप चन्द्र पाण्डेय, प्रधानाचार्य मनोज कुमार मिश्रा, अरूण मोटवानी, मनोज त्रिपाठी, अनिकेत चतुर्वेदी, तान्या दुबे आदि के मार्गदर्शन में किया गया।
