दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस) इटावा में शिक्षक दिवस 2026 बड़े उत्साह, सम्मान और भावनात्मक वातावरण के बीच मनाया गया। विद्यालय परिसर विद्यार्थियों की खुशियों, शिक्षकों के प्रति कृतज्ञता और रंगारंग प्रस्तुतियों से सराबोर रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ भारत के महान शिक्षाविद, दार्शनिक एवं पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। इस अवसर पर शिक्षकों के योगदान को याद करते हुए उनके प्रति सम्मान व्यक्त किया गया।
शिक्षक दिवस समारोह की विशेष आकर्षण यह रही कि विद्यार्थियों ने एक दिन के लिए शिक्षकों की भूमिका निभाई। छात्र-छात्राओं ने कक्षाओं का संचालन करते हुए अध्यापन कार्य की जिम्मेदारियों को समझा और शिक्षण पेशे के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की। विद्यार्थियों के आत्मविश्वास और उत्साह ने सभी का मन मोह लिया।
इसके साथ ही छात्रों ने अपने प्रिय शिक्षकों को समर्पित मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। नृत्य और संगीत के माध्यम से उन्होंने अपने शिक्षकों के प्रति प्रेम, सम्मान और आभार व्यक्त किया। विद्यालय का वातावरण तालियों और उत्साह से गूंज उठा।
शिक्षकों के लिए विशेष रूप से मनोरंजक खेल प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया, जिसमें शिक्षकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। खेलों के दौरान विद्यालय परिसर हंसी, उल्लास और यादगार पलों से भर गया।
विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि शिक्षक केवल पाठ्यक्रम नहीं पढ़ाते, बल्कि विद्यार्थियों के सपनों को दिशा देते हैं, उनके व्यक्तित्व का निर्माण करते हैं और उज्ज्वल भविष्य की राह प्रशस्त करते हैं। इस अवसर पर सभी शिक्षकों को उनके समर्पण, धैर्य और अथक परिश्रम के लिए धन्यवाद दिया गया।
शिक्षक दिवस समारोह ने एक बार फिर गुरु-शिष्य परंपरा की गरिमा को सशक्त करते हुए शिक्षकों के प्रति सम्मान और आदर की भावना को और अधिक प्रगाढ़ किया।
