भरथना (रिपोर्ट- तनुज श्रीवास्तव, 9720063658)- ‘‘हम सब बोलेगें, हैप्पी बर्थडे टू यू- श्याम‘‘ के गुंजित स्वरों के बीच भाद्रपद की कृष्ण पक्ष की अष्टमी की मध्यरात्रि भगवान श्रीकृष्ण का जन्म होते ही श्रद्धा व आस्था से सरावोर नगर के मन्दिर व घर गुंजायमान हो गये। घण्टा-घडियाल, शंख के साथ समधुर गीतों के बीच महिलाओं ने नृत्य के माध्यम से बधाईंया डाल अपने कान्हा के जन्मोत्सव की खुशियां साझा कीं। वहीं घरों में आकर्षक वेशभूषा में सजे नन्हें-मुन्हें श्रीकृष्ण-राधा की मनमोहक झाँकियों ने दिल जीत लिया।
भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव के पावन पर्व पर शक्तिपीठ श्री बालरूप हनुमान जी महाराज हनुमान गढी (छोला मन्दिर) परिसर में स्थापित राधाकृष्ण मन्दिर में रंगबिरंगी आकर्षक साजसज्जा के बीच विराजे यशोदानन्दन श्रीकृष्ण का वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच पूजन अर्चन किया गया तथा मध्यरात्रि होते ही अपने आराध्य की सामूहिक रूप से आरती करके जन्मोत्सव की खुशियां बांटी। वहीं ‘‘हम सब बोलेगें, हैप्पी बर्थडे टू यू- श्याम‘‘, ‘‘नन्द घर आनन्द भयौ, जय कन्हैया लाल की‘‘ सहित अन्य संगीतमयी ध्वनियों के बीच महिलाओं ने नृत्य करके बधाईयां डाली। इस मौके पर सैकडों महिला-पुरूष श्रद्धालुओं की उपस्थिति उल्लेखनीय रही।


इसके साथ ही नगर के अन्य देव स्थानों ऊँ श्री पागलबाबा गंगासागर धाम, होमगंज भोलेकुटी, बजाजा लाइन चौराहा पर दाऊजी मन्दिर, डाकघर मन्दिर, श्री नर्मदेश्वर मन्दिर मिडिल स्कूल, नरसिंह मन्दिर, मोती मन्दिर के अलावा घरों में भी नन्हें-मुन्हें बच्चों की आकर्षक व मनमोहक वेशभूषा में राधाकृष्ण स्वरूप में सजीव झाँकी सजायी गई, जिनकी मोहिनी मूरत ने दिल जीत लिया तथा पूजन अर्चन के साथ गीत-संगीत के बीच कान्हा का जन्मोत्सव बडे ही हर्षोल्लास व उमंगतापूर्ण वातावरण में मनाया गया।
