वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव के निर्देशन में होटल वृंदा, कचहरी रोड पर मिशन शक्ति फेज-5 एवं साइबर सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य व्यापारियों को महिला सुरक्षा, साइबर अपराधों से बचाव तथा विभिन्न महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों के प्रति जागरूक करना रहा।
जागरूकता कार्यक्रम के दौरान पुलिस टीम ने व्यापारियों को महिला सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दीं। साथ ही आपातकालीन एवं सहायता सेवाओं के लिए 112, 1090, 1098, 181 तथा साइबर क्राइम हेल्पलाइन नंबर 1930 के बारे में विस्तार से बताया गया।
पुलिस टीम ने व्यापारियों को साइबर अपराधों से सतर्क रहने की अपील करते हुए कहा कि किसी भी अंजान व्यक्ति के साथ OTP, बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी या अन्य संवेदनशील विवरण साझा न करें। इसके अलावा संदिग्ध लिंक, फर्जी कॉल, मैसेज और ऑनलाइन ऑफर के झांसे में आने से बचने की सलाह दी गई। साइबर ठगी होने की स्थिति में तत्काल 1930 पर शिकायत दर्ज कराने के लिए भी जागरूक किया गया।
कार्यक्रम के दौरान व्यापारियों ने पुलिस टीम के जागरूकता प्रयासों की सराहना की। इस अवसर पर व्यापारी नेताओं द्वारा पुलिस टीम के सदस्यों को पटका पहनाकर एवं प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में व्यापारी, व्यापारी संगठनों के पदाधिकारी एवं पुलिसकर्मी मौजूद रहे। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि साइबर अपराधों की रोकथाम के लिए जन-जागरूकता बेहद महत्वपूर्ण है और ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।
