लखनऊ। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ‘एक पेड़ माँ के नाम’ वृक्षारोपण महाभियान-2026 के अंतर्गत वृक्षारोपण कर प्रदेशवासियों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस दौरान उन्होंने अधिक से अधिक वृक्ष लगाने एवं प्रकृति के संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि “पर्यावरण बचेगा तो प्रकृति बचेगी और प्रकृति बचेगी तो जीव सृष्टि भी सुरक्षित रहेगी।” उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह मातृभूमि एवं पर्यावरण के प्रति अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करे।
उन्होंने कहा कि वृक्ष मानव जीवन के लिए अत्यंत आवश्यक हैं और आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण देने के लिए वृक्षारोपण को जनआंदोलन बनाना होगा। मुख्यमंत्री ने लोगों से अपील की कि वे पर्यावरण संरक्षण के लिए अधिकाधिक पौधे लगाएं तथा उनकी देखभाल भी करें।
‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के माध्यम से प्रदेशभर में वृक्षारोपण को बढ़ावा दिया जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य लोगों को प्रकृति एवं पर्यावरण के प्रति जागरूक करते हुए हरित उत्तर प्रदेश की दिशा में जनभागीदारी सुनिश्चित करना है।
