लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि यदि युद्ध लंबा खिंचता है, तो इसका प्रभाव हर व्यक्ति पर पड़ेगा। ऐसे समय में सभी को मानसिक रूप से तैयार रहने की आवश्यकता है और अफवाहों से दूर रहना बेहद जरूरी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी संकट या चुनौती के समय घबराने की बजाय संयम और सतर्कता के साथ स्थिति का सामना करना चाहिए। उन्होंने लोगों से अपील की कि अपुष्ट खबरों और अफवाहों पर ध्यान न दें, बल्कि केवल आधिकारिक सूचनाओं पर ही विश्वास करें।
योगी आदित्यनाथ ने आगे कहा कि जब देश के सामने कोई संकट आता है, तो प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य होता है कि वह सरकार के साथ कदम से कदम मिलाकर चले। उन्होंने इसे सच्ची राष्ट्रभक्ति का परिचायक बताया।
मुख्यमंत्री ने लोगों से एकजुट रहने, अनुशासन बनाए रखने और सकारात्मक सोच के साथ हर चुनौती का सामना करने का आह्वान किया।
