भरथना- घटतौली की शिकायत मिलने पर माप विज्ञान विभाग ने क्षेत्र में विभिन्न स्थानों पर जांच अभियान चलाया। इस दौरान विद्या फिलिंग सेंटर पर भी जांच की गई, जहां एक अज्ञात ग्राहक द्वारा पेट्रोल-डीजल में घटतौली का आरोप लगाया गया था।
जांच के लिए पहुंचे माप विज्ञान अधिकारी नरेश चंद्र ने पेट्रोल पम्प की मशीनों और माप व्यवस्था की गहन जांच की। जांच के दौरान पेट्रोल पम्प में किसी भी प्रकार की खामी नहीं पाई गई। अधिकारी ने बताया कि पम्प की मशीनें मानक के अनुरूप सही काम कर रही हैं और घटतौली की शिकायत सही नहीं पाई गई। वहीं क्षेत्र में चलाए गए अन्य जांच अभियान के दौरान एक राशन कोटेदार को घटतौली करते हुए पकड़ा गया, जिसके खिलाफ विभागीय कार्रवाई शुरू कर दी गई है। अधिकारी नरेश चंद्र ने बताया कि लगातार की जा रही जांच से क्षेत्र में घटतौल माफियाओं में हड़कम्प की स्थिति है। उन्होंने उपभोक्ताओं को सलाह दी कि पेट्रोल या डीजल डलवाते समय मशीन की रीडिंग पर जरूर ध्यान दें और किसी भी प्रकार की गड़बड़ी मिलने पर तुरंत शिकायत करें।
