महानिदेशक स्कूली शिक्षा के आदेशानुसार परिषदीय विद्यालयों में अध्ययनरत दिव्यांग बच्चों के लिए एक्सपोजर विजिट कार्यक्रम का आयोजन जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. राजेश कुमार के निर्देशन में तथा अर्चना सिंह, जिला समन्वयक समेकित शिक्षा के नेतृत्व में किया गया। इस पहल के अंतर्गत बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा दिव्यांग बच्चों को शैक्षिक एवं मनोरंजक अनुभव प्रदान करने के उद्देश्य से कानपुर प्राणि उद्यान (चिड़ियाघर), कानपुर नगर का भ्रमण कराया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मुख्य विकास अधिकारी अजय कुमार गौतम (आईएएस) ने बस को हरी झंडी दिखाकर बच्चों को एक्सपोजर विजिट के लिए उत्साहपूर्वक रवाना किया। इस भ्रमण का उद्देश्य दिव्यांग बच्चों को प्रकृति, वन्यजीवों और नए वातावरण से परिचित कराना तथा उन्हें कक्षा से बाहर सीखने, देखने और समझने का अवसर प्रदान करना था।

जनपद के विभिन्न विकासखंडों से आए 75 दिव्यांग बच्चों और 35 स्टाफ सदस्यों ने इस कार्यक्रम में भाग लिया। पूर्व निर्धारित कार्ययोजना के अनुसार बच्चों को सुबह डाइट परिसर में एकत्रित कर नाश्ता कराकर सुबह 9 बजे बस से रवाना किया गया। पूरे भ्रमण के दौरान बच्चों के लिए स्वल्पाहार, पानी और सुरक्षा की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की गई।
कानपुर प्राणि उद्यान में बच्चों ने विभिन्न प्रकार के पक्षियों, जलीय जीवों और जंगली जानवरों को देखा और उनके बारे में स्पेशल एजुकेटर्स के माध्यम से जानकारी प्राप्त की। दृष्टिबाधित बच्चों को जानवरों की आवाज और उनके मॉडल के माध्यम से जानकारी दी गई। चिड़ियाघर में बने पार्क और अन्य स्थानों का भी बच्चों ने आनंदपूर्वक भ्रमण किया।

भ्रमण के बाद बच्चों को रात्रि भोजन कराकर पुनः डाइट परिसर में लाया गया तथा अगले दिन दूर-दराज के विकासखंडों से आए अभिभावकों को बच्चों को सुरक्षित सुपुर्द कर घर भेजा गया।
बच्चों के चेहरों पर झलकती खुशी और उत्साह इस पहल की सफलता का प्रमाण रही। शिक्षा के साथ अनुभव और संवेदनशीलता को जोड़ने की दिशा में यह कार्यक्रम एक सराहनीय कदम माना जा रहा है।
