जनपद इटावा में उद्यमिता एवं स्वरोजगार को प्रोत्साहन देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए जिला उद्योग प्रोत्साहन एवं उद्यमिता विकास केन्द्र द्वारा मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान (सीएम युवा) के अंतर्गत उत्कृष्ट कार्य करने वाले बैंक अधिकारियों को सम्मानित किया गया।

ऋण वितरण के निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष शत-प्रतिशत से अधिक उपलब्धि हासिल करने पर मुख्य विकास अधिकारी अजय कुमार गौतम ने भारतीय स्टेट बैंक की विभिन्न शाखाओं के शाखा प्रबंधकों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी ने बैंक अधिकारियों की सराहना करते हुए कहा कि बैंकर्स का सक्रिय सहयोग जनपद में स्वरोजगार और उद्यमिता को बढ़ावा देने में अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि भविष्य में भी इसी प्रकार पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जाएंगे।
कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों ने भी बैंक शाखा प्रबंधकों के प्रयासों की प्रशंसा करते हुए कहा कि इस प्रकार की पहल से जनपद में स्थानीय उद्यमिता को मजबूती मिलेगी और रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।
यह पहल जनपद इटावा में स्वरोजगार को बढ़ावा देने और युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक प्रेरणादायी उदाहरण के रूप में देखी जा रही है।
