भरथना- कोतवाली क्षेत्र अन्तर्गत इटावा-कन्नौज हाइवे स्थित ग्राम बंधारा-निनावा के निकट होली के दिन बुधवार की शाम करीब साढ़े 4 बजे एक कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने गहरे गड्ढे में गिरकर हादसे का उस समय शिकार हो गई, जब अपनी शादी के बाद पहली बार नई नवेली दुल्हन प्रियांशी (21 वर्ष) अपनी मौसी सत्यवती पत्नी स्व0 सोवरन सिंह पाल निवासी ग्राम नगला सुखलाल भोली के यहाँ से कार में सवार होकर अपने दूल्हा पति आकाश पाल (24 वर्ष) पुत्र मनोज पाल और देवर विकास उर्फ छोटू 18 व 15 वर्षीय भाई अभिषेक पाल के साथ अपनी ससुराल गड़रिया के नगला इटावा जा रही थी।
चालक कार चला रहा था, जैसे ही कार इटावा-कन्नौज हाइवे स्थित ग्राम निनावा बंधारा के समीप पहुंची, इसी बीच दो बाइकों पर सवार चार होली के हुड़दंगी बाईकें लहराते हुए सड़क पर दिखे। जिन्हें चालक ने बचाने का जैसे ही प्रयास किया, उसकी कार अनियंत्रित हो गई और कार सड़क के किनारे बने एक गड्ढे में जा गिरी। जिसमें सवार दुल्हन, उसका पति आकाश, देवर विकास और भाई अभिषेक बुरी तरह घायल होकर पांचों लोग कार में फंस गए। घायलों की चीख पुकार सुन हाइवे से गुजर रहे अन्य राहगीरों ने कार में फंसे सभी घायलों को बाहर निकाल कर पुलिस को सूचित कर सभी को इलाज के लिए चिकित्सालय भिजवाया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद गम्भीर घायल देवर विकास को जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया है।
