जनपद के विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा के क्रम में मुख्य विकास अधिकारी श्री अजय कुमार गौतम ने विकास खण्ड बढ़पुरा की ग्राम पंचायत देशरमऊ का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने नव-निर्मित आधुनिक अध्ययन केन्द्र (लाइब्रेरी) का विधिवत शुभारम्भ किया तथा कम्पोजिट विद्यालय और आंगनवाड़ी केन्द्र का भी निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस अवसर पर खण्ड विकास अधिकारी बढ़पुरा श्री गौरव पुरोहित सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

ग्राम पंचायत देशरमऊ में आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित अध्ययन केन्द्र का शुभारम्भ करते हुए मुख्य विकास अधिकारी ने ग्राम प्रधान एवं ग्राम पंचायत सचिव के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने निर्देश दिए कि छात्र-छात्राओं का पंजीकरण कर समय एवं सीट आवंटन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
संचालन एवं रख-रखाव के लिए नियमानुसार शुल्क निर्धारण करने, इनवर्टर, इंटरनेट एवं सीसीटीवी कैमरों की स्थापना कराने तथा ग्राम में मुनादी व अन्य माध्यमों से व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश भी दिए गए। उन्होंने बालक एवं बालिकाओं के लिए पृथक समय या कक्ष निर्धारित करने तथा प्राप्त शुल्क का उपयोग बच्चों की मूलभूत सुविधाओं पर करने पर विशेष जोर दिया।
पंचायत भवन में विद्युत, कंप्यूटर, मीटिंग हॉल एवं शौचालय आदि व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं। एक कुर्सी मरम्मत योग्य पाई गई, जिसके लिए आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। पंचायत सहायक के त्यागपत्र के बाद रिक्त पद पर शीघ्र चयन प्रक्रिया पूर्ण करने के निर्देश भी दिए गए।

मुख्य विकास अधिकारी ने निर्देशित किया कि समस्त कल्याणकारी योजनाओं एवं ऑनलाइन सेवाओं जैसे पेंशन, बाल सेवा योजना, प्रतियोगी परीक्षाओं आदि के आवेदन पंचायत भवन से ही कराए जाएं। फोटोस्टेट व प्रिंटिंग सेवाएं निर्धारित शुल्क पर उपलब्ध कराकर आय को ग्राम पंचायत के ओएसआर खाते में जमा करने को कहा गया।
उन्होंने 0–6 वर्ष के बच्चों के जन्म प्रमाण पत्र तथा 70 वर्ष से अधिक आयु एवं अंत्योदय कार्डधारकों के आयुष्मान कार्ड अनिवार्य रूप से बनवाने और ग्राम में नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
कम्पोजिट विद्यालय में 324 नामांकित छात्रों में से लगभग 210 छात्र उपस्थित पाए गए। शिक्षण गुणवत्ता संतोषजनक पाई गई। विद्यालय परिसर में वृक्षारोपण कराने तथा मिड-डे-मील शेड पर टीन शेड लगाने के निर्देश दिए गए।

एक शिक्षा मित्र द्वारा विलंब से उपस्थिति दर्ज करने एवं पूर्व अनुमति के बिना अनुपस्थित रहने के मामले में स्पष्टीकरण प्राप्त कर एक सप्ताह में कार्यवाही आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। साथ ही विद्यालय में शत-प्रतिशत उपस्थिति, स्वच्छता एवं अभिलेखों के सुव्यवस्थित रख-रखाव को सुनिश्चित करने पर बल दिया गया।
निरीक्षण के दौरान आंगनवाड़ी कार्यकत्री यूनिफॉर्म में उपस्थित नहीं पाई गईं, जिस पर उन्हें निर्देशित किया गया कि निर्धारित यूनिफॉर्म में ही नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करें। 0–6 वर्ष के सभी बच्चों के जन्म प्रमाण पत्र बनवाने एवं केन्द्र का सुचारु संचालन सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए।
अंत में मुख्य विकास अधिकारी ने खण्ड विकास अधिकारी बढ़पुरा एवं संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि निरीक्षण के दौरान दिए गए सभी निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित कर एक सप्ताह के भीतर आख्या प्रस्तुत की जाए।
