लोकसभा इटावा की सदर विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत शांति गेस्ट हाउस में “विकसित भारत–जी राम जी जनजागरण अभियान” के तहत कृषक/श्रमिक ग्राम चौपाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री एवं पूर्व सांसद डॉ. रामशंकर कठेरिया ने की। इस अवसर पर प्रदेश उपाध्यक्ष, महिला कल्याण निगम की अध्यक्ष एवं जनपद प्रभारी कमलावती सिंह तथा भाजपा जिलाध्यक्ष अन्नू गुप्ता विशेष रूप से उपस्थित रहे।

चौपाल को संबोधित करते हुए डॉ. रामशंकर कठेरिया ने कहा कि सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाएं किसानों और श्रमिकों के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रही हैं। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में ग्रामीण क्षेत्रों की महत्वपूर्ण भूमिका है और इसके लिए सरकार निरंतर प्रयासरत है।

प्रदेश उपाध्यक्ष एवं महिला कल्याण निगम अध्यक्ष कमलावती सिंह ने कहा कि महिलाओं, किसानों और श्रमिकों के सशक्तिकरण के लिए केंद्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा अनेक योजनाएं चलाई जा रही हैं, जिनका लाभ पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने जनजागरण अभियान के माध्यम से योजनाओं की जानकारी जन-जन तक पहुंचाने पर जोर दिया।

भाजपा जिलाध्यक्ष अन्नू गुप्ता ने कहा कि इस तरह की ग्राम चौपालों के माध्यम से सरकार और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित हो रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे योजनाओं की सही जानकारी गांव-गांव तक पहुंचाएं, ताकि अधिक से अधिक लोग लाभान्वित हो सकें।
