भारत निर्वाचन आयोग द्वारा अहर्ता दिनांक 01.01.2026 के आधार पर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ कर्म क्षेत्र महाविद्यालय में जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी महोदय की अध्यक्षता में किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय की छात्राओं द्वारा सरस्वती गीत प्रस्तुत कर वातावरण को गरिमामय बनाया गया।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने उपस्थित छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि जिन युवाओं की आयु 01 जनवरी 2026 को 18 वर्ष पूर्ण हो चुकी है, उनका नाम मतदाता सूची में अवश्य शामिल होना चाहिए। उन्होंने बताया कि मतदाता बनने के लिए व्यक्ति का भारत का नागरिक होना तथा 18 वर्ष की आयु पूर्ण करना अनिवार्य है। उन्होंने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशन में विशेष अभियान चलाया जा रहा है, जिसकी प्रक्रिया ऑनलाइन एवं ऑफलाइन दोनों माध्यमों से उपलब्ध है। सभी पात्र युवाओं को फॉर्म-6 भरकर अपना नाम निर्वाचक नामावली में दर्ज कराना चाहिए।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने यह भी जानकारी दी कि मतदाता पहचान पत्र एवं आधार कार्ड दोनों आवश्यक हैं। कार्यक्रम के दौरान जिन युवाओं की आयु 18 वर्ष पूर्ण हो चुकी है, उन्हें फॉर्म-6 भी उपलब्ध कराए गए।

इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी अभिनव रंजन श्रीवास्तव, उप जिलाधिकारी सदर विक्रम सिंह राघव, जिला विद्यालय निरीक्षक अतुल सिंह, प्राचार्य प्रोफेसर महेंद्र सिंह, तहसीलदार सदर राजकुमार सिंह, संस्कृति पर्यटन अधिकारी मोहित सिंह, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी संतोष कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
