उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्य प्रशांत तिवारी ने सदर तहसील क्षेत्र के धूमनपुरा एवं सुनवारा गांवों का दौरा कर बाढ़ प्रभावित स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने आमजन से उनकी समस्याएं जानी और बाढ़ से उत्पन्न परिस्थितियों पर चिंता जताई।
इस दौरान तिवारी ने तहसीलदार एवं लेखपाल से बात करते हुए कहा कि प्रभावित घरों तक तत्काल राहत सामग्री और बने हुए भोजन पैकेट पहुंचाए जाएं। साथ ही स्वास्थ्य विभाग की टीम घर-घर जाकर दवाइयां वितरित करे और बाढ़ से बीमार हुए पशुओं का उचित इलाज सुनिश्चित किया जाए।
कांग्रेस नेता ने बाढ़ से किसानों की फसलों को हुए नुकसान का सही मूल्यांकन कर प्रभावित किसानों को उचित मुआवजा दिलाने की मांग की। उन्होंने यह भी कहा कि धूमनपुरा क्षेत्र में सार्वजनिक शौचालय की तत्काल व्यवस्था कराई जाए, ताकि ग्रामीणों को बुनियादी सुविधाएं मिल सकें।
