मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के अंतर्गत अध्ययनरत यूपीएससी और यूपीपीसीएस के 40 छात्रों ने अपने शैक्षिक स्टाफ के साथ इटावा लॉयन सफारी का भ्रमण किया। इस दौरान छात्रों ने वन्यजीवों और जैव विविधता को नजदीक से देखा, समझा और उनसे जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां भी हासिल की।
इस शैक्षिक भ्रमण में डॉ. आशीष त्रिपाठी और विषय विशेषज्ञ डॉ. नृपेंद्र कुमार सिन्हा भी छात्रों के साथ मौजूद रहे। सफारी पार्क एजुकेशन ऑफिसर कार्तिक द्विवेदी ने सभी को लॉयन सफारी पार्क में मौजूद शेर, तेंदुआ, सांभर, चीतल, भालू और हिरण सफारी दिखाते हुए इनके बारे में विस्तृत जानकारी प्रदान की।
सफारी के क्षेत्रीय वन अधिकारी रूपेश कुमार श्रीवास्तव ने भी छात्रों को जैव विविधता और वन्यजीव संरक्षण के महत्व पर महत्वपूर्ण जानकारी दी।
मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना, जनपद इटावा के कोर्स कोऑर्डिनेटर केपी सिंह भी इस भ्रमण में शामिल रहे। उन्होंने छात्रों को इस प्रकार के शैक्षिक दौरों की उपयोगिता के बारे में बताया और कहा कि यह अनुभव उनकी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में सहायक सिद्ध होगा।
