घर बुलाकर युवक की पिटाई के बाद मौत हो जाने के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। फरार आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।घटना क्षेत्र के गांव नगला वर की है, जहां रहने वाले पृथ्वीराज के बेटे विकास को 20 फरवरी की रात गांव नगला पीते में एक युवती ने फोन कर अपने घर बुलाया था। जब विकास वहां पहुंचा, तो युवती के परिजनों ने उसे घर के अंदर बंद कर लिया और लाठी-डंडों से जमकर पिटाई की। गंभीर रूप से घायल विकास को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी मौत हो गई।
मामले में मृतक के परिजनों ने नौ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी और उनके ठिकानों पर दबिश दे रही थी।रविवार दोपहर को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि फरार आरोपी राम सिंह गांव भूलपुरा नहर पुल के पास मौजूद है। सूचना के आधार पर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए नगला वर निवासी राम सिंह को गिरफ्तार कर लिया।
थाना प्रभारी विक्रम सिंह चौहान ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है और अन्य आरोपियों को पकड़ने के प्रयास जारी हैं।
