पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान एक अवैध मादक पदार्थ तस्कर को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान दिग्विजय सिंह उर्फ हैप्पी के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने टीम पर फायरिंग की, जिसके जवाब में पुलिस ने भी गोली चलाई, जो उसके बाएं पैर में लगी।
गिरफ्तार तस्कर के पास से पुलिस ने ढाई किलो से अधिक गांजा बरामद किया है, जिसकी कीमत लगभग 50 हजार रुपये आंकी गई है। इसके अलावा, उसके पास से एक तमंचा और दो कारतूस भी बरामद किए गए हैं। एसपी सिटी ने इस मामले का खुलासा किया और बताया कि आरोपी गांजा बेचने के लिए जा रहा था।
गांजा तस्कर के पकड़े जाने के बाद शहर के एक व्यापारी ने पुलिस से शिकायत करते हुए आरोपी पर रंगदारी वसूली का आरोप लगाया। व्यापारी के प्रार्थना पत्र के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
घायल आरोपी का इलाज पुलिस की निगरानी में कराया जा रहा है। पूछताछ में हैप्पी ने कबूला कि वह लंबे समय से गांजा तस्करी का काम कर रहा था। पुलिस अब आरोपी के अन्य साथियों और नेटवर्क की जानकारी जुटाने में लगी है।
