इटावा। इटावा महोत्सव एवं प्रदर्शनी के अंतर्गत जिला राइफल क्लब द्वारा आयोजित 12वीं अंतर्जनपदीय शूटिंग प्रतियोगिता का शुभारंभ सिटी मजिस्ट्रेट दिग्विजय प्रताप सिंह ने सटीक निशाना लगाकर किया। यह आयोजन 28वीं वाहिनी पीएसी परिसर में हुआ। शुभारंभ के दौरान कार्यक्रम के संयोजक और अंतर्राष्ट्रीय गोल्ड मेडलिस्ट चंद्र मोहन तिवारी और जिला कमांडेंट होमगार्ड रविशंकर त्रिवेदी ने भी निशाना लगाकर प्रतियोगिता की शुरुआत को विशेष बनाया।
कार्यक्रम संयोजक चंद्र मोहन तिवारी ने बताया कि प्रतियोगिता में 50 मीटर पॉइंट-22 राइफल और 10 मीटर राइफल एवं पिस्टल के इवेंट आयोजित किए जा रहे हैं। इसमें महिला एवं पुरुष वर्ग के अलावा, 10 वर्ष से कम आयु के बच्चों के लिए ‘लिटिल चैंप’ कैटेगरी भी शामिल है। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य युवाओं में खेलों के प्रति रुचि और प्रतिभा को प्रोत्साहित करना है।
सिटी मजिस्ट्रेट दिग्विजय प्रताप सिंह ने प्रतियोगिता में भाग लेने वाले बच्चों और युवाओं की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं न केवल खेल प्रतिभाओं को निखारने का अवसर प्रदान करती हैं, बल्कि उनमें आत्मविश्वास और अनुशासन भी विकसित करती हैं। उन्होंने आयोजकों को इस भव्य आयोजन के लिए बधाई दी।
कार्यक्रम के दौरान चंद्र मोहन तिवारी ने सिटी मजिस्ट्रेट को प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया और खिलाड़ियों के प्रति उनके विशेष लगाव की प्रशंसा की। तिवारी ने बताया कि दिग्विजय प्रताप सिंह ने खेल और खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने में अहम भूमिका निभाई है। प्रतियोगिता में इटावा, नोएडा, फर्रुखाबाद, कन्नौज, कानपुर, औरैया, फिरोजाबाद और गोरखपुर के खिलाड़ी भाग ले रहे हैं।
प्रतियोगिता के पहले दिन 50 मीटर राइफल और 10 मीटर राइफल के मुकाबले आयोजित किए गए। आयोजन 4 जनवरी तक जारी रहेगा और समापन 5 जनवरी को होगा। प्रतियोगिता के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित किया जाएगा। आयोजकों का कहना है कि यह प्रतियोगिता खेलों के क्षेत्र में नए मानक स्थापित करेगी।
