साम्हों, कृषि मंडी परिसर में चोरों ने शनिवार सुबह दो दर्जन से अधिक गल्ला व्यापारियों की दुकानों के ताले तोड़कर फुटकर रुपए चुरा लिए। इससे मंडी में सनसनी फैल गई और सुरक्षा व्यवस्था में सेंध लगने से व्यापारियों में आक्रोश व्याप्त हो गया।
मंडी में रोज की तरह शनिवार सुबह गल्ला आढ़ती अपनी दुकानों को खोलने पहुंचे, तो उन्होंने देखा कि दोनों तरफ के दो दर्जन से अधिक दुकानों के ताले टूटे हुए थे और उसमें रखे गए फुटकर रुपये गायब थे। चोरी की जानकारी होते ही व्यापारियों में हड़कंप मच गया। आक्रोशित व्यापारी मंडी परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विरोध जताते हुए जमकर नारेबाजी करने लगे। घटना की सूचना मिलते ही थाना भरथना के प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र सिंह और उनकी टीम मौके पर पहुंची। उन्होंने सभी दुकानों का निरीक्षण किया और पीड़ित व्यापारियों को कार्यवाही का आश्वासन दिया।
गल्ला व्यापारी संतोष यादव ने पुलिस को बताया कि यह पहली बार नहीं है जब मंडी परिसर में चोरी की घटना हुई हो। इससे पहले भी कई बार ऐसी घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन अब तक पुलिस प्रशासन ने किसी मामले का खुलासा नहीं किया। इससे व्यापारियों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गहरा आक्रोश है। आक्रोशित व्यापारियों में इंद्रपाल सिंह यादव, बबलू यादव, संतोष यादव, सुखवीर सिंह पिंटू, सत्येंद्र कुमार, चरन सिंह यादव, सुरेंद्र सिंह समेत कई अन्य आढ़ती शामिल थे। उनका कहना है कि अगर मंडी परिसर की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर शीघ्र उचित कदम नहीं उठाए गए, तो वे और भी उग्र विरोध प्रदर्शन करेंगे।

