भरथना (रिपोर्ट- तनुज श्रीवास्तव, 9720063658)- चहुँओर जय श्रीराम के गगनभेदी उद्घोषों व पुष्पवर्षो के बीच मर्यादा पुरूषोत्तम भगवान श्रीराम ने मिथिलानरेश राजा जनक का धनुष तोडा। तदुपरान्त मंगलमयी बेला में माँ जानकी सीता के साथ विवाह सम्पन्न हुआ। साथ ही मध्य रात्रि के बाद चले लक्ष्मण-परशुराम संवाद में दोनों के मध्य भोर होने तक चली तीखी नोंक-झोंक व वाक्य युद्ध ने दर्शकों व श्रद्धालुओं को एक ही स्थान पर बैठने को मजबूर कर दिया।

कस्बा के मुहल्ला जवाहर रोड स्थित मिडिल स्कूल प्रांगण में श्री रामलीला कमेटी (रजि0) भरथना के तत्वाधान में चल रहे 128वें रामलीला महोत्सव के दौरान विशाल धनुष भंग, रावण वाणासुर संवाद, जनक मिलाप, लक्ष्मण-परशुराम संवाद की लीलाओं का मंचन सम्पन्न हुआ। जिसके चलते सम्पूर्ण प्रांगण में जय श्रीराम के गगनभेदी उद्घोषों व पुष्पवर्षा के बीच मर्यादा पुरूषोत्तम भगवान श्रीराम ने मिथिलानरेश राजा जनक का धनुष तोडा और मंगलगान के साथ माता जानकी के साथ उनका विवाह सम्पन्न हुआ। वहीं मध्य रात्रि के बाद चले लक्ष्मण-परशुराम संवाद में दोनों ही विद्वान कलाकारों की ओजस्वी वाणी में हुई तीखी नोंक-झोंक व वाक्य युद्ध के कटाक्ष संवाद से मंत्रमुग्ध हुए दर्शक व श्रद्धालु भोर होने तक एक ही स्थान पर डटे रहे। इस दौरान समिति संरक्षक पूर्व ब्लाक प्रमुख हरिओम यादव, सत्यप्रकाश यादव राजा, अध्यक्ष रोहित यादव, कोषाध्यक्ष नीलेश त्रिपाठी, महामंत्री गणेश कौशल, के0के0 यादव, करूणाशंकर दुबे, गिरीश शुक्ला, दीपक यादव सहित समस्त रामलीला कमेटी के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं की उपस्थिति उल्लेखनीय रही।
