इटावा। शहर के श्री दिगंबर जैन प्राचीन पंचायती मंदिर, पंसारी टोला से रविवार को परंपरागत जलधारा यात्रा श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ गाजे-बाजे के बीच निकाली गई। यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। जैन भजनों की मधुर धुनों और जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।
जलधारा यात्रा में अमित जैन, राहुल जैन और मोक्ष जैन पीले वस्त्र धारण कर मुकुट-माला पहनकर इंद्र स्वरूप में शामिल हुए। हाथों में जैन शास्त्र लेकर वे भजनों के साथ यात्रा में आगे बढ़े। कमेटी के पदाधिकारी अजय जैन, सुशील जैन, पंकज जैन, बोबी जैन, नरेश जैन, राहुल जैन और आर्यन जैन की मौजूदगी में बैंड-बाजों के साथ यात्रा रवाना हुई। इस दौरान ‘तुमसे लगी लगन’ सहित विभिन्न जैन भजनों की धुनें गूंजती रहीं।
यात्रा में सबसे आगे जैन ध्वज चल रहा था। जलधारा यात्रा बरहीपुरा, लालपुरा, कटरा मंदिर, नया शहर, सराय शेख और करनपुरा होते हुए पंसारी टोला स्थित छोटा मंदिर पहुंची। यहां धार्मिक परंपराओं के अनुसार अनुष्ठान संपन्न करने के बाद श्रद्धालु पुनः श्री दिगंबर जैन प्राचीन पंचायती मंदिर पहुंचे।
मंदिर पहुंचने पर विधि-विधान के साथ श्रीजी का अभिषेक एवं केसर जल से शांतिधारा की गई। इसके बाद घी, दूध, रस, दही आदि द्रव्यों से भगवान की जलधारा की गई। धार्मिक अनुष्ठान के उपरांत श्रीजी की महाआरती संपन्न हुई। इस दौरान महिला और पुरुष श्रद्धालु भक्ति में झूमते नजर आए। मंदिर परिसर जैन भजनों और भगवान के जयकारों से गूंजता रहा।
इस अवसर पर मंदिर पदाधिकारी सनत जैन, दिलीप जैन, संजू जैन, मनोज जैन तथा महिला मंडल अध्यक्ष नीता जैन, मालती जैन, डोली जैन, ज्योति जैन, भारती जैन, ममता जैन, पूनम जैन, अलका जैन सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं ने धार्मिक परंपराओं के साथ भगवान की आराधना कर सुख-शांति एवं परिवार के मंगल की कामना की।
