इटावा। आगरा खण्ड स्नातक एवं शिक्षक विधान परिषद निर्वाचन क्षेत्र के लिए प्रस्तावित मतदेय स्थलों के संबंध में गुरुवार को कलेक्ट्रेट में जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी शुभ्रांत कुमार शुक्ल की अध्यक्षता में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में निर्वाचन प्रक्रिया को निष्पक्ष एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से प्रस्तावित मतदेय स्थलों पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने निर्वाचन क्षेत्र के लिए तैयार की गई मतदेय स्थलों की सूची को उपस्थित प्रतिनिधियों के समक्ष पढ़कर सुनाया। प्रस्तावित सूची पर विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने अपने विचार रखे तथा चर्चा के उपरांत सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों ने प्रस्तावित मतदेय स्थलों पर सहमति व्यक्त की।
जिलाधिकारी ने कहा कि निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप मतदाताओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा मतदान प्रक्रिया को सुचारु रूप से संचालित करने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी। उन्होंने अधिकारियों को मतदान केंद्रों पर मूलभूत सुविधाओं और सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं को समय से पूरा करने के निर्देश भी दिए।
बैठक में प्रस्तुत विवरण के अनुसार जनपद में कुल 25 मतदान केंद्र प्रस्तावित किए गए हैं। इनके अंतर्गत कुल 27 मुख्य मतदेय स्थल तथा 2 सहायक मतदेय स्थल निर्धारित किए गए हैं। इस प्रकार कुल मतदेय स्थलों की संख्या 29 होगी।
बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी बिपिन कुमार, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी संतोष कुमार सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। इनमें भारतीय जनता पार्टी से कृपा नारायण तिवारी, कांग्रेस से वाचस्पति द्विवेदी एवं प्रेरणा जुबैरी, समाजवादी पार्टी से उदयभान सिंह यादव, प्रदीप शाक्य ‘बबलू’ और राजेश कुमार, अपना दल से राजेश कुमार वर्मा, बहुजन समाज पार्टी से हरिओम कुमार एवं राघवेंद्र कुमार अवस्थी, आम आदमी पार्टी से इकरार अहमद तथा प्रेमशंकर यादव सहित अन्य प्रतिनिधियों ने सहभागिता की।
बैठक में निर्वाचन संबंधी तैयारियों की समीक्षा करते हुए राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से सहयोग की अपेक्षा की गई, ताकि आगामी विधान परिषद निर्वाचन की प्रक्रिया शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराई जा सके।
