भरथना- रेलवे स्टेशन के पश्चिमी ओर मोती मन्दिर के समीप बुधवार की सुबह ट्रेन की चपेट में आकर जान गंवाने वाले युवक की दूसरे दिन शिनाख्त हो गयी। युवक की पहचान सिंहुआ गांव निवासी छोटे सिंह (28 वर्ष) पुत्र चन्द्र प्रकाश के रूप में हुई। वह घर से बुखार की दवा लेने के लिए निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा।
जानकारी के मुताबिक बुधवार सुबह करीब साढ़े 11 बजे भरथना रेलवे स्टेशन के पश्चिमी ओर स्थित मोती मन्दिर (लंगूर की मठिया) के पास पोल संख्या 1137/13 के समीप अप लाइन पर एक युवक का शव पड़ा मिला था। बताया गया कि युवक बाड़मेर एक्सप्रेस की चपेट में आ गया था। सूचना पर रेलवे पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर शिनाख्त कराने का प्रयास किया, लेकिन तत्काल पहचान नहीं हो सकी। वहीं सिंहुआ गांव निवासी चन्द्र प्रकाश पुत्र राधेश्याम अपने भाई के घर वापस न पहुंचने को लेकर गुरूवार को भरथना रेलवे स्टेशन पहुंचा और रेलवे पुलिस को जानकारी दी। इसके बाद पुलिस ने मृतक के भाई और अन्य परिजनों को मोर्चरी ले जाकर शव दिखाया। वहां चन्द्र प्रकाश ने शव की पहचान अपने बड़े भाई छोटे सिंह के रूप में की।
परिजनों के अनुसार छोटे सिंह को पिछले दो-तीन दिनों से बुखार आ रहा था। बुधवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे वह बुखार की दवा लेने के लिए घर से निकला था। रेलवे ट्रैक पार करते समय वह अचानक ट्रेन की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौत हो गई। हालांकि हादसे की वास्तविक वजह पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।
