शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले इटावा जनपद के शिक्षक वीरेंद्र सिंह को राज्य शिक्षक पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। गोरखपुर में आयोजित सम्मान समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उन्हें राज्य शिक्षक पुरस्कार प्रदान किया। सम्मान मिलने पर शिक्षक वीरेंद्र सिंह की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। उन्होंने इस उपलब्धि को अपने विद्यालय के बच्चों, सहकर्मियों और पूरे जनपद को समर्पित किया।
वीरेंद्र सिंह ताखा क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय में कार्यरत हैं और पिछले करीब 26 वर्षों से शिक्षा के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। इस दौरान उन्होंने विद्यालय में शिक्षा के स्तर को बेहतर बनाने के साथ-साथ आधुनिक सुविधाओं को विकसित करने पर विशेष ध्यान दिया।
शिक्षक वीरेंद्र सिंह ने अपने विद्यालय में आधुनिक सुविधाओं को शामिल करने के साथ बच्चों की पढ़ाई को प्राथमिकता दी। उनकी पहल का उद्देश्य विद्यालय में ऐसा शैक्षिक वातावरण तैयार करना रहा, जिससे बच्चों को बेहतर शिक्षा मिल सके और अभिभावकों का सरकारी विद्यालयों के प्रति विश्वास बढ़े।
उनकी पहल से ड्रॉपआउट बच्चों को दोबारा स्कूल से जोड़ने में भी मदद मिली। उन्होंने बच्चों की शिक्षा को निरंतर बनाए रखने के लिए अभिभावकों और समुदाय के साथ संपर्क स्थापित कर उन्हें विद्यालय भेजने के लिए प्रेरित किया।
राज्य शिक्षक पुरस्कार प्राप्त करने के बाद वीरेंद्र सिंह ने कहा कि यह पुरस्कार केवल उनका नहीं है, बल्कि विद्यालय के बच्चों, सहकर्मियों और पूरे जनपद का सम्मान है। उन्होंने कहा कि शिक्षक के लिए इससे बड़ी खुशी और क्या हो सकती है कि उसके प्रयासों से बच्चों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आए और वे शिक्षा की मुख्यधारा से जुड़ें।
उनके सम्मान पर शिक्षा जगत से जुड़े लोगों ने भी प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे इटावा के लिए गौरव की उपलब्धि बताया।
