रिजर्व पुलिस लाइन इटावा में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पावन पर्व श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में जिलाधिकारी इटावा एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक इटावा अपनी धर्मपत्नी के साथ गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराते हुए भगवान श्रीकृष्ण के बाल स्वरूप का पूजन-अर्चन किया।

इस अवसर पर रिजर्व पुलिस लाइन परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया। भगवान श्रीकृष्ण की मनमोहक झांकियां सजाई गईं तथा भजन-कीर्तन और धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। आधी रात को भगवान श्रीकृष्ण के जन्म के अवसर पर जयकारों से पूरा परिसर भक्तिमय हो उठा।

जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने पुलिस परिवार के साथ विधि-विधान से भगवान श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना कर जनपदवासियों के सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की। पुलिस परिवार के बच्चों, महिलाओं एवं पुलिसकर्मियों ने भी उत्साहपूर्वक कार्यक्रम में सहभागिता की।

कार्यक्रम के दौरान श्रीकृष्ण के जीवन और उनके द्वारा दिए गए धर्म, कर्म, सत्य, प्रेम एवं मानवता के संदेश को याद किया गया। श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीकृष्ण के बाल स्वरूप के दर्शन कर आशीर्वाद लिया।
पुलिस लाइन में आयोजित जन्माष्टमी समारोह ने धार्मिक आस्था के साथ-साथ पुलिस परिवारों के बीच आपसी सौहार्द, भाईचारे और सामूहिक सहभागिता की भावना को भी मजबूत किया। पूरे परिसर में ‘नंद के घर आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की’ के जयघोष गूंजते रहे और वातावरण भक्तिमय बना रहा।
