उत्तर प्रदेश में संचालित विकास कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति और उनके सकारात्मक प्रभावों को आमजन तक पहुंचाने के उद्देश्य से डीडी न्यूज उत्तर प्रदेश द्वारा ‘ट्रिलियन ट्रैकर’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय (UPUMS), सैफई के कुलपति प्रो. (डॉ.) अजय सिंह ने प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम में जिलाधिकारी शुभ्रांत कुमार शुक्ल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव, मुख्य विकास अधिकारी संजय कुमार सिंह सहित प्रशासनिक अधिकारी एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान UPUMS के कुलपति प्रो. (डॉ.) अजय सिंह ने विश्वविद्यालय में चिकित्सा सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी साझा की। उन्होंने मरीजों की सुविधाओं में विस्तार, चिकित्सा सेवाओं के उन्नयन, आधारभूत संरचना के विकास तथा विश्वविद्यालय की महत्वपूर्ण उपलब्धियों पर विस्तार से प्रकाश डाला।

कुलपति ने बताया कि विश्वविद्यालय का उद्देश्य आधुनिक एवं गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवाओं को मरीजों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने के साथ-साथ स्वास्थ्य क्षेत्र में शिक्षा, प्रशिक्षण एवं अनुसंधान को भी निरंतर बढ़ावा देना है। मरीजों की सुविधा और बेहतर उपचार व्यवस्था के लिए संस्थान में समय-समय पर आवश्यक सुधार एवं विस्तार किए जा रहे हैं।
‘ट्रिलियन ट्रैकर’ कार्यक्रम के माध्यम से प्रदेश एवं जनपद स्तर पर हो रहे विकास कार्यों, सतत विकास की दिशा में किए जा रहे प्रयासों तथा चिकित्सा एवं जनकल्याण से जुड़ी सरकारी योजनाओं की प्रगति और उपलब्धियों को सामने लाने का प्रयास किया गया।

कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों में हो रहे विकास कार्यों और उनके जनसामान्य पर पड़ रहे सकारात्मक प्रभावों पर भी चर्चा हुई। इस अवसर पर प्रशासनिक अधिकारियों एवं विभिन्न विभागों के प्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में संचालित योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी साझा की।
‘ट्रिलियन ट्रैकर’ कार्यक्रम विकास एवं जनकल्याण से जुड़े प्रयासों को जन-जन तक पहुंचाने तथा प्रदेश की प्रगति की तस्वीर को सामने रखने के लिए एक महत्वपूर्ण मंच के रूप में सामने आया।
