कांवड़ यात्रा को सकुशल एवं शांतिपूर्ण संपन्न कराने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों द्वारा सुरक्षा व्यवस्थाओं की लगातार समीक्षा की जा रही है। इसी क्रम में एडीजी महोदया ने रिजर्व पुलिस लाइन, इटावा का निरीक्षण किया तथा सलामी गार्द से सलामी ग्रहण की।

इसके उपरांत पुलिस लाइन के सभागार कक्ष में अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ एक महत्वपूर्ण गोष्ठी आयोजित की गई। बैठक के दौरान आगामी कांवड़ यात्रा की समग्र सुरक्षा योजना, यातायात प्रबंधन, संवेदनशील मार्गों की निगरानी, भीड़ नियंत्रण तथा आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई।
एडीजी महोदया ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रहे। उन्होंने सभी पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आपसी समन्वय के साथ सतर्कता एवं जिम्मेदारीपूर्वक ड्यूटी निर्वहन करने के निर्देश दिए। साथ ही यात्रा मार्गों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, सीसीटीवी एवं अन्य सुरक्षा संसाधनों के प्रभावी उपयोग पर भी जोर दिया गया।
बैठक में उपस्थित अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था से संबंधित तैयारियों की जानकारी दी तथा कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए किए जा रहे प्रयासों से अवगत कराया। इटावा पुलिस ने श्रद्धालुओं से भी प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
