मुख्य विकास अधिकारी इटावा ने 29 जुलाई 2026 को विकास खंड कार्यालय बढ़पुरा का निरीक्षण कर कार्यालयीय कार्यप्रणाली, अभिलेखों के संधारण, कार्मिकों की उपस्थिति तथा वित्तीय अभिलेखों का विस्तृत परीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कार्यालय के विभिन्न अनुभागों की कार्य व्यवस्था का जायजा लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

मुख्य विकास अधिकारी ने एकीकृत उपस्थिति पंजिका के नियमित एवं प्रभावी उपयोग पर विशेष जोर दिया। साथ ही कर्मचारियों की सेवा पुस्तिकाओं को समयबद्ध रूप से अद्यतन रखने तथा वित्तीय अभिलेखों का सुव्यवस्थित एवं पारदर्शी संधारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कार्यालयीय अनुशासन बनाए रखने और सभी अभिलेखों को अद्यतन रखने पर बल दिया।
निरीक्षण के दौरान विकास कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा की गई। उन्होंने निर्देशित किया कि पूर्ण हो चुके विकास कार्यों का शीघ्र हैण्डओवर किया जाए तथा लंबित भुगतानों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि विकास योजनाओं का लाभ समय पर जनता तक पहुंच सके।
मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी, पारदर्शी एवं उत्तरदायी क्रियान्वयन प्रशासन की प्राथमिकता है। इसके लिए सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्धारित मानकों के अनुरूप कार्य करते हुए बेहतर सेवा प्रदान करनी होगी। उन्होंने विकास कार्यों और कार्यालयीय व्यवस्थाओं में गुणवत्ता एवं जवाबदेही बनाए रखने के निर्देश भी दिए।
