तहसील ताखा में शनिवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस (तहसील दिवस) में जिलाधिकारी शुभ्रान्त कुमार शुक्ल एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने संयुक्त रूप से जन शिकायतों की सुनवाई की। इस दौरान बड़ी संख्या में पहुंचे फरियादियों ने अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं।
संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान अधिकारियों ने राजस्व, पुलिस, विकास, विद्युत, पेयजल, पेंशन एवं अन्य विभागों से संबंधित शिकायतों को गंभीरता से सुना। जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
अधिकारियों ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाए तथा शिकायतों के निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने प्राप्त शिकायतों की नियमित समीक्षा कर उनका प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।
संपूर्ण समाधान दिवस में विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य आमजन की समस्याओं का मौके पर समाधान कर प्रशासन के प्रति विश्वास को मजबूत करना है।
