गैस एजेंसी, पेट्रोल पम्प प्रबंधकों एवं सेल्स ऑफिसरों के साथ जिलाधिकारी शुभ्रान्त कुमार शुक्ल एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ब्रजेश कुमार श्रीवास्तव की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित नवीन सभागार में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद में पेट्रोलियम पदार्थों की आपूर्ति, वितरण एवं निगरानी को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
जिलाधिकारी ने बैठक की शुरुआत में स्पष्ट किया कि जनपद में पेट्रोल और डीजल की कोई कमी नहीं है, इसलिए किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दिया जाए। उन्होंने सभी से संयम बनाए रखने और व्यवस्था को सुचारू रूप से संचालित करने की अपील की।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने जिला पूर्ति अधिकारी को निर्देश दिए कि किसी भी स्थिति में ओवररेटिंग न हो, अवैध रिफिलिंग पर पूरी तरह रोक लगाई जाए तथा जमाखोरी पर कड़ी निगरानी रखी जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की विवाद की स्थिति उत्पन्न होने की आशंका हो तो तत्काल प्रशासन को अवगत कराया जाए, ताकि समय रहते समाधान किया जा सके।

उन्होंने सभी पेट्रोल पम्पों पर सीसीटीवी कैमरे संचालित रखने के निर्देश दिए तथा यह भी कहा कि पेट्रोल एवं डीजल बोतलों में न दिया जाए, केवल वाहनों में ही आवश्यकतानुसार भरा जाए। यदि कोई व्यक्ति असामान्य मात्रा में पेट्रोल या डीजल खरीदता है तो उस पर विशेष नजर रखी जाए, जिससे कालाबाजारी की संभावना को रोका जा सके।
गैस वितरण व्यवस्था को लेकर निर्देश दिए गए कि एलपीजी सिलेंडर केवल होम डिलीवरी के माध्यम से ही दिए जाएं तथा जिन उपभोक्ताओं की बुकिंग पहले है, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर सिलेंडर उपलब्ध कराया जाए।

जिला पूर्ति अधिकारी ने बताया कि उपभोक्ताओं के लिए ई-केवाईसी कराना अनिवार्य है। जिन उपभोक्ताओं की ई-केवाईसी नहीं होगी, उन्हें बुकिंग के दौरान ओटीपी प्राप्त नहीं होगा और उन्हें सिलेंडर मिलने में समस्या हो सकती है।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि तीनों ऑयल कंपनियों के साथ समन्वय स्थापित कर गैस की आपूर्ति सुचारू रूप से सुनिश्चित की जाए। उन्होंने इटावा गैस एजेंसी एवं लक्ष्मी गैस एजेंसी को विशेष रूप से निर्देशित किया कि स्टाफ पर निगरानी रखी जाए, सिलेंडर की कालाबाजारी न होने दी जाए तथा समय से डिलीवरी सुनिश्चित की जाए। साथ ही सिलेंडर वाहनों एवं चालकों की जिम्मेदारी तय करने के निर्देश भी दिए गए।
उन्होंने यह भी कहा कि जनपद का निर्धारित कोटा जिले के भीतर ही उपभोक्ताओं तक पहुंचे, इसे किसी अन्य जनपद में न भेजा जाए।
बैठक में अपर जिलाधिकारी अभिनव रंजन श्रीवास्तव, एसपी सिटी अभयनाथ त्रिपाठी, एसपी आरए, नगर मजिस्ट्रेट राजेन्द्र बहादुर, उप जिलाधिकारी भरथना काव्य सी, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (पुरुष) पारितोष शुक्ल, क्षेत्राधिकारी भरथना आर.डी. मौर्य, जिला पूर्ति अधिकारी सीमा त्रिपाठी, उप जिलाधिकारी सदर विक्रम सिंह राघव सहित समस्त पूर्ति निरीक्षक एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
