जिला सेवायोजन अधिकारी श्री विकास मिश्रा ने जानकारी देते हुए बताया कि मिशन रोजगार के अंतर्गत जिला सेवायोजन कार्यालय एवं मॉडल करियर सेंटर इटावा द्वारा बेरोजगार युवाओं के लिए एक दिवसीय वृहद रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है। यह मेला 18 मार्च 2026, बुधवार को नुमाइश पंडाल, इटावा में सुबह 10 बजे से शुरू होगा।
उन्होंने बताया कि इस रोजगार मेले में आठवीं पास, आईटीआई, हाईस्कूल, इंटरमीडिएट, स्नातक, परास्नातक तथा तकनीकी शिक्षा प्राप्त बेरोजगार युवाओं को रोजगार के सुनहरे अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे। मेले में कुल 52 प्रतिष्ठित कंपनियां एवं नियोजक प्रतिभाग करेंगे। इच्छुक अभ्यर्थियों को मेले में भाग लेने के लिए पंजीकरण कराना होगा, जो स्थल पर भी किया जा सकेगा।
प्रमुख प्रतिभागी कंपनियों में रिलायंस स्मार्ट बाजार इटावा, वी-मार्ट, प्रमोकाश आउटसोर्स प्रा. लि., रेजोन सोलर, ब्लिंकिट, केविन केयर प्रा. लि., कुलदीप मोटर्स, राजेंद्र ऑटोमोबाइल्स (ह्युंडई एवं महिंद्रा), उकावा इलेक्ट्रिक व्हीकल, बजाज कैपिटल, फोनपे, बजाज लाइफ तथा एसबीआई लाइफ जैसी कंपनियां शामिल हैं।
रोजगार मेले में ट्रेनी, मशीन ऑपरेटर, प्रोडक्शन ट्रेनी, कस्टमर केयर एग्जीक्यूटिव, सेल्स एग्जीक्यूटिव, पिकर/पैकर, सिक्योरिटी गार्ड, किचन हेल्पर, टेक्नीशियन, टेलीसेल्स एग्जीक्यूटिव, कंप्यूटर ऑपरेटर, हेल्पर एवं सुपरवाइजर सहित विभिन्न पदों पर भर्ती की जाएगी।
चयनित अभ्यर्थियों को इटावा के साथ-साथ उत्तर प्रदेश, हरियाणा, गुजरात, राजस्थान, उत्तराखंड, पंजाब, महाराष्ट्र एवं दिल्ली-एनसीआर जैसे विभिन्न राज्यों और क्षेत्रों में रोजगार के अवसर मिलेंगे।
जिला सेवायोजन अधिकारी ने बताया कि इच्छुक अभ्यर्थी अपने बायोडाटा, शैक्षिक प्रमाण पत्रों की छायाप्रति एवं आधार कार्ड के साथ रोजगार मेले में प्रतिभाग कर सकते हैं। यह रोजगार मेला पूर्णतः निःशुल्क है।
